दुबई. कुलदीप यादव के चार विकेट की मदद से भारतीय टीम ने एशिया कप फाइनल में रविवार को पाकिस्तान को 19 . 1 ओवर में 146 रन पर आउट कर दिया । भारत ने टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला किया था । पाकिस्तान ने दसवें ओवर में पहला विकेट 84 रन पर गंवाया और उसके आखिरी नौ विकेट 62 रन के भीतर गिर गए । कुलदीप ने चार ओवर में 30 रन देकर चार विकेट लिये जबकि वरूण चक्रवर्ती, अक्षर पटेल और जसप्रीत बुमराह को दो दो विकेट मिले । पाकिस्तान के लिये सलामी बल्लेबाज साहिबजादा फरहान ने 38 गेंद में 57 और फखर जमां ने 35 गेंद में 46 रन बनाये ।

एशिया कप फाइनल : पहली बार कप्तानों ने टॉस के समय अपने देश के प्रस्तोताओं से बात की

भारत और पाकिस्तान के बीच एशिया कप फाइनल से पहले भी तनाव जारी रहा जब टॉस के समय कप्तानों के इंटरव्यू भारत के रवि शास्त्री और पाकिस्तान के वकार युनूस ने लिये . अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के इतिहास में पहली बार दो पूर्व खिलाड़ियों ने टॉस के समय इंटरव्यू किये . पाकिस्तानी टीम फाइनल में भारतीय प्रस्तोता शास्त्री से बात नहीं करना चाहती थी .

प्रसारकों से पता चला कि टूर्नामेंट में इससे पहले भारत पाकिस्तान मैचों के दौरान टॉस के समय कप्तानों से बात करने वाले शास्त्री को फाइनल में भी टॉस के बाद सूर्यकुमार और सलमान अली आगा से बात करनी थी . पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने हालांकि एशियाई क्रिकेट परिषद से तटस्थ प्रस्तोता की तांग की . एसीसी ने जब बीसीसीआई से संपर्क किया तो भारतीय बोर्ड ने साफ तौर पर कहा कि शास्त्री को हटाया नहीं जायेगा .

बीच का रास्ता निकालने के लिये यह तय किया गया कि पाकिस्तान के कप्तान सलमान अपने देश के महान पूर्व तेज गेंदबाज वकार से और सूर्यकुमार पूर्व कोच रहे शास्त्री से बात करेंगे . सलमान ने ट्रॉफी के साथ फोटोशूट भी अकेले किया . बीसीसीआई सूत्रों के अनुसार एसीसी ने उन्हें टॉस फोटो शूट के बारे में नहीं बताया था . बारबाडोस में 2024 टी20 विश्व कप फाइनल के दौरान भी भारतीय कप्तान रोहित शर्मा और दक्षिण अफ्रीका के कप्तान एडेन माक्ररम का कोई फोटो शूट नहीं हुआ था .

दुबई में क्रिकेट उत्सव: प्रशंसकों के लिए ‘भारत बनाम पाकिस्तान’ फाइनल जंग नहीं, बल्कि त्योहार

दुबई अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम और इसके आसपास का माहौल रविवार शाम को उत्सव में तब्दील हो गया जहां ‘भारत बनाम पाकिस्तान’ एशिया कप फाइनल मैच शुरू होने से कई घंटे पहले ही भारत और पाकिस्तान के प्रशंसक कतारों में लग गए. खेल प्रशंसकों के हंसी-मजाक, गानों और चीयर से माहौल आनंददायक बन गया जिससे एक बार फिर क्रिकेट मुकाबला खुशनुमा लगने लगा.

महाराष्ट्र से आए प्रशंसकों के एक समूह ने बॉलीवुड तर्ज पर नारे लगाते हुए कहा, ”दो रुपैया का च्यूइंग गम, सूर्या भाऊ सिंघम. ” इसी कतार में खड़े पाकिस्तान के कुछ समर्थक इस पर मुस्कुराए बिना नहीं रह सके और शायद याद दिला रहे थे कि क्रिकेट अब भी मजेदार हो सकता है. वहीं दूसरी ओर ‘स्पोर्ट्स सिटी’ की सड़कों पर ‘पाकिस्तान जिंदाबाद’ के नारे गूंज रहे थे. छोटे बच्चे रोहन के लिए यह सपने जैसा था जो भारत बनाम पाकिस्तान मैच देखने के लिए अपने पिता के साथ अबुधाबी से डेढ. घंटे की यात्रा करके आया था.

बड़े साइज की भारतीय जर्सी पहने इस बच्चे ने कहा, ”जसप्रीत बुमराह उन्हें आउट कर देंगे.” शारजाह में रहने वाले अफजल और आमिर दोनों भाई भी मैच की भावनाओं से ओतप्रोत थे, आमिर ने 1980 और 1990 दशक की याद करते हुए कहा, ”पापा हमें शारजाह में पाकिस्तान के दबदबे के बारे में बताया करते थे जब भारत नहीं जीत पाता था. ” दोनों टूर्नामेंट में पाकिस्तान को मिली दो हार से दोनों निराश थे. अफजल ने कहा, ”अगर हम फिर हार गए तो दुख होगा. लेकिन कल सोमवार है और हफ्ते शुरू होने से पेशेवर जिम्मेदारियां शुरू हो जाएंगी. ”

शायद दुबई में प्रवासी लोगों का यही मिजाज है. बीते जमाने के तनावपूर्ण माहौल के विपरीत घर से दूर रहने वाले प्रवासियों के लिए लिए भारत-पाकिस्तान मुकाबले का टिकट हासिल करना किसी उत्सव का टिकट बुक करने जैसा है. यह जोश से भरे माहौल, हंसी मजाक और क्रिकेट के रोमांच के बारे में है. उन्हें इसकी परवाह नहीं कि खिलाड़ी हाथ मिलाते हैं या नहीं, एक-दूसरे से नजरें मिलाते हैं या नहीं. भारतीय प्रशंसक चाहते हैं कि अभिषेक शर्मा स्टेडियम में छक्कों की बरसात करे तो पाकिस्तान के प्रशंसकों को उम्मीद है कि शाहीन शाह अफरीदी सटीक यॉर्कर फेंकेंगे. पर सवाल अब भी बरकार है. अगर खेल प्रेमी खेल से राजनीति को अलग कर सकते हैं, इसे जंग के बजाय एक खेल मुकाबला मान सकते हैं तो क्या अब समय नहीं आ गया है कि हितधारक भी ऐसा ही करें?



राष्ट्रवाणी एक डिजिटल समाचार एवं जनचर्चा मंच है, जिसका उद्देश्य विश्वसनीय पत्रकारिता, सार्थक राष्ट्रीय विमर्श और जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रभावशाली तरीके से समाज के सामने प्रस्तुत करना है।

हम मानते हैं कि पत्रकारिता केवल समाचार देने का माध्यम नहीं, बल्कि समाज को जागरूक करने, लोकतांत्रिक संवाद को मजबूत बनाने और राष्ट्र निर्माण की दिशा में सकारात्मक सोच विकसित करने का दायित्व भी है। “राष्ट्र प्रथम” की भावना के साथ राष्ट्रवाणी देश, समाज, शासन, अर्थव्यवस्था, कृषि, तकनीक, संस्कृति और जनसरोकारों से जुड़े विषयों को गहराई और तथ्यात्मक दृष्टिकोण के साथ प्रस्तुत करता है।

संपादक : नीरज दीवान

मोबाइल नंबर : 7024799009

© 2026 ThemeSphere. Designed by ThemeSphere.
Exit mobile version