4 जलाशयों से करीब 16000 क्यूसेक पानी की आवक, नदी किनारे के गांवों को किया गया अलर्ट
दुर्ग, 30 जुलाई 2026। जिले में लगातार हो रही बारिश के चलते शिवनाथ नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। चार प्रमुख जलाशयों से पानी छोड़े जाने के कारण महमरा एनीकट पर जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। गुरुवार दोपहर 1:30 बजे तक महमरा एनीकट के ऊपर से 7 फीट 6 इंच पानी बह रहा था, जिससे प्रशासन ने नदी किनारे बसे गांवों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं।
जल संसाधन विभाग के एसडीओ गौरव सिंह ने बताया कि दोपहर 1:30 बजे तक चारों जलाशयों से कुल 15,803 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा था। इसमें मोंगरा जलाशय से 7,860 क्यूसेक, घुमरिया से 1,650 क्यूसेक, सुखनाला से 4,200 क्यूसेक तथा खटूटोला से 2,093 क्यूसेक पानी छोड़ा गया। वहीं महमरा एनीकट से कुल 41,572.81 क्यूसेक पानी का फ्लड डिस्चार्ज दर्ज किया गया।
श्री सिंह ने बताया कि इससे पहले सुबह 8:00 बजे चारों जलाशयों से कुल 27,967 क्यूसेक पानी छोड़ा गया था। उस समय मोंगरा से 11,004 क्यूसेक, घुमरिया से 6,170 क्यूसेक, सुखनाला से 8,700 क्यूसेक और खतूटोला से 2,093 क्यूसेक पानी छोड़ा गया था।
जलस्तर बढ़ने के कारण प्रशासन ने शिवनाथ नदी के तटीय क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। निचले इलाकों और नदी किनारे बसे गांवों में निगरानी बढ़ा दी गई है। प्रशासन ने लोगों से नदी और एनीकट के आसपास अनावश्यक आवाजाही नहीं करने तथा सुरक्षा निर्देशों का पालन करने की अपील की है।

