राष्ट्रवाणी: नितिन नामदेव, रायपुर। छत्तीसगढ़ में लगातार हो रही बारिश के चलते रायपुर से लगे कई गांवों में जलभराव की स्थिति गंभीर हो गई है। करीब 48 घंटे से जारी बारिश के कारण अकोला और बाना गांव पूरी तरह जलमग्न हो गए हैं।
कई घरों में पानी घुस गया है, जिसके चलते ग्रामीणों को सुरक्षित रहने के लिए घरों की छतों पर रुकना पड़ रहा है। बारिश और जलभराव के कारण गांवों के अंदर जाने वाले कई रास्ते बंद हो गए हैं। अकोला गांव का संपर्क मार्ग भी पानी में डूबने से आवाजाही प्रभावित हुई है।
वहीं रायपुर से दुर्ग जाने वाले मार्ग पर स्थित अकोला पुल भी पानी से लबालब हो गया है, जिससे लोगों की परेशानी बढ़ गई है। लगातार बारिश के कारण गांवों में सामान्य जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। ग्रामीणों ने जलभराव और बिगड़े हालात के वीडियो सोशल मीडिया पर बनाकर वायरल किए हैं।
वीडियो में कई इलाकों में पानी भरा हुआ और लोगों को सुरक्षित स्थानों की तलाश करते देखा जा सकता है।
