राष्ट्रवाणी: अनिल अग्रवाल की वेदांता ऑयल एंड गैस राजस्थान ब्लॉक से प्राकृतिक गैस बेचने के लिए ई-नीलामी कर रही है। कंपनी आयातित एलएनजी कीमतों से ऊपर प्रीमियम की मांग कर रही है, जिसकी नीलामी 14 दिसंबर को होगी। वेदांता की गैस पर लगेगी महंगी बोली!
LNG कीमत से ऊपर प्रीमियम मांगा, इस दिन होगी नीलामी वेदांता राजस्थान ब्लॉक से प्राकृतिक गैस की बिक्री कर रही है। कंपनी आयातित एलएनजी कीमतों से ऊपर प्रीमियम की मांग कर रही है। गैस बिक्री के लिए ई-नीलामी 14 दिसंबर को होगी।
बिजनेस डेस्क, नई दिल्ली। अनिल अग्रवाल की कंपनी वेदांता ऑयल एंड गैस लिमिटेड अपने राजस्थान ब्लॉक से निकलने वाली प्राकृतिक गैस बेचने जा रही है। कंपनी ने इस गैस की बिक्री के लिए ई-निलामी का रास्ता चुना।
खास बात ये है कि वेदांता इस घरेलु गैस के लिए Imported Liquefied Natural Gas की कीमतों से ऊपर प्रीमियम की मांग कर रही है। कंपनी की ओर से जारी किए गए प्रस्ताव अनुरोध (RFP) और गैस बिक्री समझौते के ड्राफ्ट के मुताबिक, इस गैस की ई-नीलामी 14 दिसंबर को आयोजित की जाएगी। ये सप्लाई कॉन्ट्रैक्ट तीन महीने के लिए होगा, जो 1 जनवरी से शुरू होकर 1 अप्रैल, 2027 तक चलेगा।
इस नीलामी में शामिल होने वाले खरीदारों को ये बताना होगा कि वे ‘प्लैट्स वेस्ट इंडिया हाजिर एलएनजी’ (Platts West India Spot LNG) की कीमतों के मासिक औसत के ऊपर कितना अतिरिक्त पैसा यानी प्रीमियम देने को तैयार हैं। टेंडर के नियमों के अनुसार, जो खरीदार सबसे ऊंची बोली लगाएगा, उसे गैस आवंटन में सबसे पहले प्राथमिकता दी जाएगी।
टेंडर दस्तावेजों के मुताबिक, बोली की शुरुआत ‘शून्य’ प्रीमियम से होगी। इसके बाद बोली लगाने वाली कंपनियों को कम से कम 0.05 डॉलर प्रति एमएमबीटीयू (MMBTU) के मल्टीपल में अपनी बोली बढ़ानी होगी। वहीं अगर मात्रा की बात करें तो वेदांता इस निलामी के जरिए रोजाना 18 लाख मानक घन मीटर नेचुरल गैस की पेशकश कर रही है।
ऊर्जा की इकाई में देखें तो ये मात्रा हर रोज 75600 एमएमबीटीयू बैठती है। इस तरह पूरे 90 दिनों के कॉन्ट्रैक्ट के दौरान कुल मिलाकर लगभग 68 लाख एमएमबीटीयू गैस की सप्लाई की जाएगी। एनर्जी सेक्टर के जानकारों के लिए ये ई-नीलामी काफी अहम मानी जा रही है।
इस नीलामी के नतीजों से ये साफ हो जाएगा कि देश के घरेलू गैस खरीदार पाइपलाइन के जरिए मिलने वाली गैस के लिए अंतरराष्ट्रीय एलएनजी बेंचमार्क से ऊपर कितना ज्यादा पैसा खर्च करने को तैयार हैं।

