राष्ट्रवाणी: न्यूज, मालखरौदा: विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय मालखरौदा में पदस्थ बाबू की लापरवाही के कारण शिक्षकों एवं कर्मचारियों का वेतन समय पर जारी नहीं होने से सैकड़ों परिवार आर्थिक संकट का सामना कर रहे हैं। कर्मचारियों का आरोप है कि शासन के स्पष्ट निर्देशों के बावजूद जुलाई माह का वेतन बिल समय पर ट्रेजरी में प्रस्तुत नहीं किया गया, जिसके कारण अगस्त की शुरुआत तक भी उनके खातों में वेतन नहीं पहुंच सका। इसके चलते बैंक ऋण की ईएमआई, बच्चों की स्कूल फीस और दैनिक घरेलू खर्च प्रभावित हो रहे हैं। शिक्षकों का कहना है कि वित्त विभाग के निर्देशानुसार प्रत्येक माह की 25 तारीख तक वेतन बिल ट्रेजरी में जमा किया जाना चाहिए, ताकि माह के अंतिम दिन तक कर्मचारियों के खातों में वेतन पहुंच सके। आरोप है कि इस बार संबंधित शाखा में पदस्थ कर्मचारी की लापरवाही के कारण बिल समय पर ट्रेजरी नहीं भेजा गया और पूरी प्रक्रिया प्रभावित हो गई। कुछ शिक्षकों ने बताया कि वे प्रतिदिन नियमित रूप से विद्यालयों में शिक्षण कार्य करते हैं, लेकिन समय पर वेतन नहीं मिलने से परिवार चलाना मुश्किल हो गया है। कई कर्मचारियों की बैंक ईएमआई बाउंस हो गई है, जिससे उन्हें अतिरिक्त पेनाल्टी भरनी पड़ रही है और सिबिल स्कोर खराब होने की आशंका भी बढ़ गई है। कुछ शिक्षकों ने बताया कि बच्चों की स्कूल फीस जमा नहीं होने से भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कर्मचारियों ने यह भी गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि बीईओ कार्यालय में संबंधित बाबू नियमित रूप से उपलब्ध नहीं रहते, जिससे वेतन और अन्य प्रशासनिक कार्य लगातार प्रभावित हो रहे हैं। उनका कहना है कि इस संबंध में कई बार शिकायत किए जाने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। सबसे गंभीर स्थिति दिवंगत कर्मचारियों के आश्रित परिवारों की बताई जा रही है। आरोप है कि पारिवारिक पेंशन के बिल भी समय पर तैयार नहीं होने से कई परिवारों को पेंशन नहीं मिल सकी है। कर्मचारियों का कहना है कि जिन परिवारों का एकमात्र सहारा पेंशन है, वे भी आर्थिक तंगी झेलने को मजबूर हैं। शिक्षकों ने कार्रवाई नहीं होने पर दी आंदोलन की चेतावनी शिक्षकों का कहना है कि यदि शीघ्र वेतन जारी नहीं किया गया और जिम्मेदार अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध कार्रवाई नहीं हुई तो वे कलेक्टर एवं जिला शिक्षा अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर आंदोलन शुरू करेंगे। उनकी मांग है कि तत्काल वेतन बिल ट्रेजरी भेजकर भुगतान कराया जाए, लापरवाही के लिए जिम्मेदार कर्मचारियों पर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाए, दिवंगत कर्मचारियों के परिवारों की लंबित पेंशन शीघ्र जारी की जाए तथा वेतन में विलंब के कारण कर्मचारियों पर पड़े आर्थिक भार की भरपाई पर भी विचार किया जाए। वेतन बिल ट्रेजरी की प्रक्रिया में है। जल्द ही भुगतान कर्मचारियों के खातों में पहुंच जाएगा। एमएल प्रधान बीईओ, मालखरौदा
Trending
- दुर्ग सांसद ने की दो अफसरों के खिलाफ विशेषाधिकार हनन की शिकायत
- संत रविदास ने समरसता, समानता और भक्ति का जो मार्ग दिखाया, वही विकसित और सशक्त भारत की आधारशिला : मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय
- भारी बारिश के बीच गाँव पहुँचकर बच्चों का सुरक्षित भविष्य किया सुनिश्चित
- महानदी के तट पर आस्था का महाकुंभ: बनारस की तर्ज पर गूंजे वैदिक मंत्र
- माँ के दूध से स्वस्थ जीवन की मजबूत शुरुआत, प्रदेशभर में विश्व स्तनपान सप्ताह की शुरुआत
- छत्तीसगढ़ी कला को मिलेगी ग्लोबल पहचान : 21 अगस्त को धमतरी में सजेगा ‘जनजातीय कारीगर एम्पैनलमेंट मेला’
- छत्तीसगढ़ में UCC की तैयारी: समान नागरिक संहिता पर जनता से मांगे गए सुझाव
- जनसंपर्क विभाग में पदोन्नति : बघेल, लोन्हारे और मनुदाऊ पटेल बने संयुक्त संचालक
