राष्ट्रवाणी: रायपुर। गुढ़ियारी थाना प्रभारी नरेंद्र साहू के साथ दुर्व्यवहार और अभद्र व्यवहार के मामले में छत्तीसगढ़ प्रदेश साहू संघ ने पुलिस कमिश्नर रायपुर को पत्र सौंपकर निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। साहू संघ की ओर से पुलिस कमिश्नर को सौंपे गए पत्र में बताया गया है कि 15 सितंबर 2026 को गुढ़ियारी थाने में थाना प्रभारी नरेंद्र साहू के साथ कुछ लोगों द्वारा अभद्र व्यवहार किया गया।
पत्र में घटना को गंभीर बताते हुए मामले की निष्पक्ष और तत्काल जांच कराने की मांग की गई है। पत्र में कहा गया है कि नरेंद्र साहू पुलिस अधिकारी होने के साथ-साथ साहू समाज के प्रतिष्ठित एवं सम्मानित व्यक्ति हैं। उनके साथ हुए दुर्व्यवहार से समाज में आक्रोश है।
साहू संघ ने इसे समाज के सम्मान और स्वाभिमान से जुड़ा विषय बताया है। छत्तीसगढ़ प्रदेश साहू संघ ने पुलिस कमिश्नर से आग्रह किया है कि पूरे प्रकरण की गंभीरता से जांच कर दोषी पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ कठोर कानूनी एवं दंडात्मक कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में किसी पुलिस अधिकारी या सम्मानित नागरिक के साथ इस तरह के व्यवहार की पुनरावृत्ति न हो।
यह पत्र प्रदेश संयोजक अधिकारी-कर्मचारी प्रकोष्ठ बीसी साहू, प्रदेश कोषाध्यक्ष गोपाल साहू और प्रदेश महामंत्री उधो प्रसाद साहू के हस्ताक्षर से जारी किया गया है। हाल ही में गुढ़ियारी थाने में भाजयुमो नेता ने पुलिस के साथ विवाद करते हुए तोड़फोड़ की थी। इस मामले में पुलिस ने आरोपी भाजयुमो जिला उपाध्यक्ष शुभांकर द्विवेदी समेत अन्य के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।
वहीं इस मामले में कांग्रेस ने आरोपी के खिलाफ बुलडोजर कार्रवाई की मांग की है। बता दें कि निर्धारित समय-सीमा के बाद नियम विरुद्ध डीजे बजाए जाने पर पुलिस की कार्रवाई को रुकवाने एवं संबंधित व्यक्ति को छोड़ने के लिए भारतीय जनता युवा मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष शुभांकर द्विवेदी दबा बना रहा था।
इसी दौरान कार्रवाई को लेकर शुभंकर ने थाने में विवाद किया और आक्रोशित होकर थाना परिसर में तोड़फोड़ की और थाना प्रभारी के साथ दुर्व्यवहार किया।
