फिरोजाबाद: मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने शनिवार को कहा कि निर्वाचन आयोग विभिन्न राजनीतिक दलों के साथ संवाद करता रहता है और पिछले चार महीनों में 5,000 ऐसी बैठकें हुई हैं, जिनमें राजनीतिक दलों के नेताओं सहित 28,000 लोग शामिल हुए हैं।

फिरोजाबाद में एक निजी कार्यक्रम में शामिल होने आए ज्ञानेश कुमार ने पत्रकारों से बात करते हुए कहा, ‘‘निर्वाचन आयोग विभिन्न राजनीतिक दलों के साथ संवाद करता रहता है। पिछले चार महीनों में हर विधानसभा क्षेत्र में सर्वदलीय बैठकें आयोजित की गईं, हर जिले में सर्वदलीय बैठकें आयोजित की गईं और हर राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) के आवास पर भी सर्वदलीय बैठकें आयोजित की गईं। कुल मिलाकर 5000 ऐसी बैठकें हुईं, जिनमें राजनीतिक दलों के नेताओं सहित 28,000 लोग शामिल हुए।’’ उन्होंने कहा कि इतना ही नहीं, निर्वाचन आयोग खुद भी सभी राष्ट्रीय दलों और क्षेत्रीय दलों से मिल रहा है।

बिहार की मतदाता सूची का जिक्र करते हुए, जहां विधानसभा चुनाव होने हैं, मुख्य निर्वाचन आयुक्त ने कहा कि बिहार में जो भी व्यक्ति एक जनवरी 2003 की मतदाता सूची में है, उसे संविधान के अनुच्छेद 326 के तहत प्राथमिक दृष्टिकोण से योग्य माना जाएगा। दूसरे शब्दों में, जिन लोगों के नाम उस सूची में हैं, उन्हें कोई कागज जमा करने की जरूरत नहीं है।

उन्होंने कहा कि आयोग जल्द ही 2003 की बिहार मतदाता सूची को अपनी वेबसाइट पर अपलोड करेगा, ताकि इसमें शामिल करीब 4.96 करोड़ मतदाताओं को मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण के लिए गणना प्रपत्र के साथ संलग्न किए जाने वाले संबंधित हिस्से को निकालने में सुविधा हो।

कुमार ने बताया कि जिन मतदाताओं के माता-पिता का नाम 2003 की मतदाता सूची में है, उन्हें केवल अपने जन्म स्थान/तिथि के बारे में दस्तावेज देने होंगे। बिहार में अभी 243 विधानसभा सीट पर 7.89 करोड़ से अधिक मतदाता हैं। राज्य में इस साल अक्टूबर-नवंबर में विधानसभा चुनाव प्रस्तावित हैं।

राष्ट्रवाणी एक डिजिटल समाचार एवं जनचर्चा मंच है, जिसका उद्देश्य विश्वसनीय पत्रकारिता, सार्थक राष्ट्रीय विमर्श और जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रभावशाली तरीके से समाज के सामने प्रस्तुत करना है।

हम मानते हैं कि पत्रकारिता केवल समाचार देने का माध्यम नहीं, बल्कि समाज को जागरूक करने, लोकतांत्रिक संवाद को मजबूत बनाने और राष्ट्र निर्माण की दिशा में सकारात्मक सोच विकसित करने का दायित्व भी है। “राष्ट्र प्रथम” की भावना के साथ राष्ट्रवाणी देश, समाज, शासन, अर्थव्यवस्था, कृषि, तकनीक, संस्कृति और जनसरोकारों से जुड़े विषयों को गहराई और तथ्यात्मक दृष्टिकोण के साथ प्रस्तुत करता है।

संपादक : नीरज दीवान

मोबाइल नंबर : 7024799009

© 2026 ThemeSphere. Designed by ThemeSphere.
Exit mobile version