भुवनेश्वर. ओडिशा के पुरी जिले के एक कुक्कुट पालन केंद्र में बर्ड फ्लू की पुष्टि होने के बाद राज्य सरकार ने आपातकालीन रोकथाम उपाय के तहत 6,700 से अधिक पक्षियों को सामूहिक रूप से मारने की कार्रवाई की है. एक वरिष्ठ अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी.

अधिकारी के मुताबिक राज्य सरकार ने पक्षियों को बड़े पैमाने पर मारने का फैसला जिले के देलंगा ब्लॉक के बड़ा अंकुला गांव से एकत्र किए गए नमूनों में एच5एन1 एवियन इन्फ्लूएंजा वायरस मिलने की पुष्टि राष्ट्रीय उच्च सुरक्षा पशुरोग संस्थान (एनआईएचएसएडी), भोपाल द्वारा किये जाने के बाद लिया. उन्होंने बताया कि केंद्र द्वारा निर्धारित मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) का पालन करते हुए शनिवार और रविवार को 6,700 से अधिक पक्षियों को मारा गया.

पुरी के मुख्य जिला पशु चिकित्सा अधिकारी (सीडीवीओ) शरत कुमार बेहरा ने बताया कि जिस क्षेत्र में बर्ड फ्लू के मामले पाए गए हैं, वहां स्वास्थ्य टीम के साथ पांच त्वरित प्रतिक्रिया दल (आरआरटी) तैनात किए गए हैं. उन्होंने कहा, ”हमने संक्रमित क्षेत्र के अंदर और बाहर जीवित पक्षियों की आवाजाही को पूरी तरह से प्रतिबंधित कर दिया है.” बेहेरा ने बताया कि गांव के एक किलोमीटर के दायरे में पक्षियों को मारने का काम पूरा करने के बाद, वायरस की जांच के लिए अन्य पांच गांवों से नमूने एकत्र किए गए हैं.

सूत्रों ने बताया कि पिछले सप्ताह गांव में कुक्कुटों की असामान्य मौत हुई थी, लेकिन आधिकारिक तौर पर संक्रमण की पुष्टि नौ जुलाई को एकत्र नमूने से हुई. इस बीच, ओडिशा के मत्स्य पालन और पशु संसाधन विकास मंत्री गोकुलानंद मलिक ने वायरस के प्रसार को रोकने और एहतियाती कदम की समीक्षा के लिए प्रभावित इलाके का दौरा किया.

राष्ट्रवाणी एक डिजिटल समाचार एवं जनचर्चा मंच है, जिसका उद्देश्य विश्वसनीय पत्रकारिता, सार्थक राष्ट्रीय विमर्श और जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रभावशाली तरीके से समाज के सामने प्रस्तुत करना है।

हम मानते हैं कि पत्रकारिता केवल समाचार देने का माध्यम नहीं, बल्कि समाज को जागरूक करने, लोकतांत्रिक संवाद को मजबूत बनाने और राष्ट्र निर्माण की दिशा में सकारात्मक सोच विकसित करने का दायित्व भी है। “राष्ट्र प्रथम” की भावना के साथ राष्ट्रवाणी देश, समाज, शासन, अर्थव्यवस्था, कृषि, तकनीक, संस्कृति और जनसरोकारों से जुड़े विषयों को गहराई और तथ्यात्मक दृष्टिकोण के साथ प्रस्तुत करता है।

संपादक : नीरज दीवान

मोबाइल नंबर : 7024799009

© 2026 ThemeSphere. Designed by ThemeSphere.
Exit mobile version