राष्ट्रवाणी (दुर्ग ब्यूरो): प्रतिनिधि, दुर्ग। नंदिनी नगर थाना में आबकारी एक्ट के मामले में गिरफ्तार एक आरोपी पुलिसकर्मी को धक्का देकर थाने से फरार हो गया। आरोपी ने बाथरूम जाने के लिए हथकड़ी खोलने का आग्रह किया था।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 262 के तहत अपराध दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार 21 अक्टूबर को मुखबिर की सूचना के आधार पर नंदिनी नगर थाना में धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया था। विवेचना के दौरान आरोपी साहिल भारती (23), निवासी वार्ड नंबर 15, ग्राम मुरमुंदा और नीतिश गायकवाड़ (24), निवासी ग्राम मुरमुंदा को आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई के बाद गिरफ्तार किया गया था।
दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी और जब्ती की कार्रवाई के बाद उन्हें थाने लाया गया था। थाने में सुरक्षा की दृष्टि से दोनों आरोपियों को हवालात के पास हथकड़ी लगाकर बैठाया गया था। इसी दौरान आरोपी नीतिश गायकवाड़ ने बाथरूम जाने की बात कहते हुए हथकड़ी खोलने का आग्रह किया।
सुरक्षा में तैनात प्रधान आरक्षक सतीश साहू ने जैसे ही उसकी हथकड़ी खोली, आरोपित ने पुलिसकर्मी को धक्का दे दिया और थाने के पिछले दरवाजे से बाहर निकल गया। आरोपी इसके बाद थाने की बाउंड्रीवाल फांदकर फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने आसपास के इलाकों में उसकी तलाश शुरू कर दी।
मामले में आरोपित के खिलाफ बीएनएस की धारा 262 के तहत अपराध कायम कर विवेचना की जा रही है।

