नयी दिल्ली. गायक-अभिनेता दिलजीत दोसांझ की नयी फिल्म ‘सरदार जी 3’ अब केवल विदेशों में ही रिलीज होगी. यह फैसला पाकिस्तानी अभिनेत्री हानिया आमिर को फिल्म में शामिल करने को लेकर हुए विवाद और बहिष्कार की मांग के बाद लिया गया.
यह फिल्म, दोसांझ की ‘हॉरर कॉमेडी फ्रेंचाइजी’ की तीसरी कड़ी है और अब यह 27 जून को अन्य देशों के सिनेमाघरों में रिलीज होगी.
दिलजीत ने रविवार रात अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर फिल्म का ट्रेलर साझा किया और कैप्शन में लिखा, ”सरदार जी 3, केवल विदेश में 27 जून को रिलीज होगी.” अखिल भारतीय सिने श्रमिक संघ (एआईसीडब्ल्युए) ने फिल्म में हानिया को शामिल करने को लेकर दोसांझ और उनकी टीम की आलोचना की.

संगठन ने अपने बयान में कहा कि जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हाल ही में हुए भीषण आतंकी हमले के बारे में जानकारी होने के बावजूद, दिलजीत दोसांझ ने पाकिस्तानी कलाकार को फिल्म में शामिल करने का चौंकाने वाला फैसला लिया है. संगठन ने कहा कि यह निर्णय ऐसे समय में लिया गया है जब पूरा देश (140 करोड़ भारतीय), सरकार, विपक्ष और हर वर्ग के नागरिक पाकिस्तान के खिलाफ एकजुट हैं और शहीदों के परिवारों के साथ खड़े हैं. एआईसीडब्ल्यूए ने कहा कि अपने इस कदम से दोसांझ ने देश की भावनाओं का अनादर किया है और सैनिकों व नागरिकों की शहादत का अपमान किया है.

बयान में कहा गया, ”भारतीय कलाकारों की तुलना में पाकिस्तानी प्रतिभा को वरीयता देना उनकी निष्ठा और प्राथमिकताओं पर गंभीर सवाल खड़े करता है.” फिल्म में हानिया आमिर की मौजूदगी से कई सोशल मीडिया उपयोगकर्ता नाराज दिखे, जिन्होंने दोसांझ की पोस्ट के कमेंट में अपनी निराशा व्यक्त की.

एक उपयोगकर्ता ने लिखा- “बायकॉट,” तो दूसरे ने टिप्पणी की- “दिलजीत दोसांझ गद्दार है.” एक अन्य उपयोगकर्ता ने लिखा, ”देश पहले, दिलजीत दोसांझ का बहिष्कार करो.” पहलगाम में 22 अप्रैल को हुए आतंकी हमले के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव और बढ़ गया था. इस हमले में 26 लोगों की मौत हो गई थी. इसके जवाब में, भारतीय सशस्त्र बलों ने सात मई को “ऑपरेशन सिंदूर” के तहत पाकिस्तान और उसके कब्जे वाले कश्मीर में नौ आतंकी ठिकानों पर हमला किया था.

आंतकी हमले के बाद भारत में हानिया आमिर, फवाद खान, माहिरा खान, अली जफर, आतिफ असलम और राहत फतेह अली खान समेत कई पाकिस्तानी कलाकारों के सोशल मीडिया अकाउंट को प्रतिबंधित कर दिया गया था. फवाद खान और वाणी कपूर की फिल्म ‘अबीर गुलाल’ को भी भारत में रिलीज करने की अनुमति नहीं मिली थी. यह फिल्म मई में रिलीज होने वाली थी. अमर हुंदल द्वारा निर्देशित “सरदार जी 3” को गुनबीर सिंह सिद्धू और मनमोर्ड सिद्धू की ‘व्हाइट हिल स्टूडियोज’ और ‘स्टोरी टाइम प्रोडक्शंस’ ने मिलकर बनाया है.

राष्ट्रवाणी एक डिजिटल समाचार एवं जनचर्चा मंच है, जिसका उद्देश्य विश्वसनीय पत्रकारिता, सार्थक राष्ट्रीय विमर्श और जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रभावशाली तरीके से समाज के सामने प्रस्तुत करना है।

हम मानते हैं कि पत्रकारिता केवल समाचार देने का माध्यम नहीं, बल्कि समाज को जागरूक करने, लोकतांत्रिक संवाद को मजबूत बनाने और राष्ट्र निर्माण की दिशा में सकारात्मक सोच विकसित करने का दायित्व भी है। “राष्ट्र प्रथम” की भावना के साथ राष्ट्रवाणी देश, समाज, शासन, अर्थव्यवस्था, कृषि, तकनीक, संस्कृति और जनसरोकारों से जुड़े विषयों को गहराई और तथ्यात्मक दृष्टिकोण के साथ प्रस्तुत करता है।

संपादक : नीरज दीवान

मोबाइल नंबर : 7024799009

© 2026 ThemeSphere. Designed by ThemeSphere.
Exit mobile version