लंदन. भारत और इंग्लैंड के बीच ओवल में खेले जा रहे पांचवें और अंतिम टेस्ट मैच के पहले दिन बृहस्पतिवार को बारिश के कारण दूसरे सत्र की शुरुआत में देरी हुई. अंपायर भारतीय समयानुसार शाम सात बजे मैदान का निरीक्षण करेंगे. बारिश के कारण लंच का विश्राम जल्दी लिया गया. भारत ने अब तक दो विकेट पर 72 रन बनाए हैं.

मैच में इंग्लैंड की कप्तानी कर रहे ओली पोप ने टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला किया जिसके बाद सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल को दो रन के निजी स्कोर पर तेज गेंदबाज गस एटकिंसन ने पगबाधा कर दिया. इसके बाद तेज गेंदबाज क्रिस वोक्स ने लोकेश राहुल (40 गेंदों पर 14 रन) को बोल्ड करके भारत का स्कोर दो विकेट पर 38 रन कर दिया. साई सुदर्शन और कप्तान शुभमन गिल ने आसमान में छाए बादलों के बीच लंच तक क्रमश: नाबाद 25 और नाबाद 15 रन बनाकर पारी को संभाला.

भारत ने दोनों सलामी बल्लेबाजों के विकेट गंवाए, लंच तक दो विकेट पर 72 रन

भारत ने घास की मौजूदगी वाली पिच पर अपने सलामी बल्लेबाजों यशस्वी जायसवाल और लोकेश राहुल के विकेट गंवा दिए लेकिन इंग्लैंड के खिलाफ श्रृंखला के निर्णायक पांचवें और अंतिम टेस्ट मैच के पहले दिन बृहस्पतिवार को लंच तक दो विकेट पर 72 रन बनाकर अच्छा प्रदर्शन किया.

भारत ने अपनी एकादश में चार बदलाव करते हुए जसप्रीत बुमराह, अंशुल कंबोज, शारदुल ठाकुर और चोटिल ऋषभ पंत की जगह फिट हो चुके आकाश दीप, प्रसिद्ध कृष्णा, करुण नायर और ध्रुव जुरेल को शामिल किया. इंग्लैंड ने भी चार बदलाव किए. टीम ने बुधवार को ही इसकी घोषणा कर दी थी क्योंकि चोटिल कप्तान बेन स्टोक्स और जोफ्रा आर्चर चयन के लिए उपलब्ध नहीं थे. श्रृंखला की अब तक की सबसे अधिक घास की मौजूदगी वाली पिच पर इंग्लैंड ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया. गेंद उम्मीद के मुताबिक सीम तो कर रही थी लेकिन बहुत ज्यादा स्विंग नहीं कर रही थी.

श्रृंखला का अपना पहला मैच खेल रहे गस एटकिंसन ने अपने दूसरे ओवर में जायसवाल (02) को आउट किया. मैदानी अंपायर ने आउट नहीं दिया था लेकिन डीआरएस लेने पर उन्हें फैसला बदलना पड़ा क्योंकि अंदर आती गेंद स्टंप्स पर लगती. अन्य तेज गेंदबाजों जोश टंग और जेमी ओवरटन को नियंत्रण बनाए रखने में दिक्कत हुई. टंग ने अपने पहले ओवर में 12 रन दिए जिसमें स्टंप के दोनों ओर दो वाइड के जरिए 10 रन शामिल थे. खेल के पहले घंटे में भारत का स्कोर एक विकेट पर 36 रन हो गया.

अच्छी फॉर्म में चल रहे राहुल (14 रन) आउट होने वाले दूसरे बल्लेबाज बने. क्रिस वोक्स की शॉर्ट गेंद को कट करने की कोशिश में वह विकेटों पर खेल गए. तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करने आए साई सुदर्शन (नाबाद 25) और कप्तान शुभमन गिल (नाबाद 15) अचानक आई बारिश के लिए जल्दी लिए गए लंच के समय क्रीज पर थे. साई ने टंग और वोक्स की गेंदों पर चौके जड़े जबकि मौजूदा श्रृंखला के सबसे सफल बल्लेबाज गिल ने ओवरटन की गेंद को कवर के ऊपर से चार रन के लिए भेजा और फिर पुल करके दोनों ओर बाउंड्री लगाई.

राष्ट्रवाणी एक डिजिटल समाचार एवं जनचर्चा मंच है, जिसका उद्देश्य विश्वसनीय पत्रकारिता, सार्थक राष्ट्रीय विमर्श और जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रभावशाली तरीके से समाज के सामने प्रस्तुत करना है।

हम मानते हैं कि पत्रकारिता केवल समाचार देने का माध्यम नहीं, बल्कि समाज को जागरूक करने, लोकतांत्रिक संवाद को मजबूत बनाने और राष्ट्र निर्माण की दिशा में सकारात्मक सोच विकसित करने का दायित्व भी है। “राष्ट्र प्रथम” की भावना के साथ राष्ट्रवाणी देश, समाज, शासन, अर्थव्यवस्था, कृषि, तकनीक, संस्कृति और जनसरोकारों से जुड़े विषयों को गहराई और तथ्यात्मक दृष्टिकोण के साथ प्रस्तुत करता है।

संपादक : नीरज दीवान

मोबाइल नंबर : 7024799009

© 2026 ThemeSphere. Designed by ThemeSphere.
Exit mobile version