चंडीगढ़. पंजाब पुलिस ने पाकिस्तान के आतंकवादी हरविंदर रिंदा द्वारा रची गई एक बड़ी आतंकी साजिश को नाकाम करते हुए गुरदासपुर के जंगल से हथियारों का जखीरा बरामद किया है. राज्य की पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी. पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) गौरव यादव ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पाया गया कि पंजाब में कई स्थानों पर हमले करने की पूर्व नियोजित साजिश के तहत पाकिस्तानी एजेंसियों और रिंदा ने यह खेप भारत पहुंचाई थी, जिसका उद्देश्य शांति को बाधित करना था.
डीजीपी ने बताया कि खुफिया सूचना पर तेजी से कार्रवाई करते हुए गैंगस्टर रोधी कार्य बल (एजीटीएफ) के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (एडीजीपी) प्रमोद बान की देखरेख में एजीटीएफ टीम ने गुरदासपुर के एक वन क्षेत्र से आतंकवादी सामग्री का एक बड़ा जखीरा बरामद किया. इसमें दो एके-47 राइफलें, 16 कारतूस, दो मैगजीन और दो पी-86 (उच्च विस्फोटक) हथगोले शामिल हैं. ये बरामदगी हरविंदर रिंदा के सहयोगियों तक पहुंच पाने से पहले की गई. उन्होंने कहा कि इस खेप को वापस लाने वाले गुर्गों की पहचान करने के लिए जांच की जा रही है.
यादव ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ”एक खुफिया अभियान में, एजीटीएफ, पंजाब ने पाकिस्तान में स्थित और पाकिस्तान की आईएसआई द्वारा सर्मिथत बब्बर खालसा इंटरनेशनल (बीकेआई) के एक संचालक हरविंदर रिंदा द्वारा रची गई एक बड़ी आतंकी साजिश को सफलतापूर्वक नाकाम कर दिया.” एजीटीएफ के पुलिस उप महानिरीक्षक गुरमीत चौहान ने अधिक जानकारी साझा करते हुए बताया कि जांच से इस आईएसआई सर्मिथत आतंकवादी तंत्र में विदेशी आतंकवादियों की संलिप्तता का भी पता चला है. उन्होंने आगे कहा कि आने वाले दिनों में और हथियारों की खेप बरामद होने की संभावना है.
उन्होंने बताया कि गुरदासपुर के पुराना शाला पुलिस थाने में विस्फोटक अधिनियम और शस्त्र अधिनियम के तहत एक प्राथमिकी दर्ज की गई है. डीजीपी ने कहा, ”हथियारों की खेप पहुंचाने में शामिल रिंदा के गुर्गों की पहचान और उनकी गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं.”
