🛑 राष्ट्रीय फेडरेशन कप एवं वेस्ट जोन इंडिया चैंपियनशिप में हासिल की सफलता, 15 वर्षों से कर रहे हैं पावरलिफ्टिंग का अभ्यास
भिलाईनगर, 26 नवंबर 2026। राष्ट्रीय फेडरेशन कप एवं वेस्ट जोन इंडिया चैंपियनशिप पावरलिफ्टिंग प्रतियोगिता में भिलाई इस्पात संयंत्र (बीएसपी) के दो कर्मचारियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक अपने नाम किए हैं। उनकी इस उपलब्धि से भिलाई इस्पात संयंत्र सहित उनके विभागों और परिवारों में खुशी का माहौल है।
प्रतियोगिता में भिलाई इस्पात संयंत्र के ट्रांसपोर्ट एंड डीजल विभाग में जूनियर इंजीनियर के पद पर कार्यरत श्री बी.एम. ठाकुर ने 74 किलोग्राम भार वर्ग में कांस्य पदक हासिल किया। वहीं, अग्निशमन विभाग में लीडिंग फायरमैन के पद पर कार्यरत श्री संतोष कुमार ने 105 किलोग्राम भार वर्ग में कांस्य पदक जीतकर अपनी खेल प्रतिभा का परिचय दिया।
दोनों खिलाड़ी पिछले लगभग 15 वर्षों से पावरलिफ्टिंग के खेल में सक्रिय हैं और लगातार अभ्यास एवं मेहनत के दम पर प्रतियोगिताओं में अपनी पहचान बना रहे हैं। श्री संतोष कुमार छत्तीसगढ़ पावरलिफ्टिंग एसोसिएशन के कोषाध्यक्ष भी हैं।
खिलाड़ियों की इस सफलता में छत्तीसगढ़ पावरलिफ्टिंग एसोसिएशन के अध्यक्ष नरेंद्र बंछोर एवं महासचिव कृष्णा साहू का विशेष योगदान रहा। दोनों खिलाड़ियों ने उनके मार्गदर्शन और प्रोत्साहन को अपनी उपलब्धि का महत्वपूर्ण आधार बताया।
भिलाई इस्पात संयंत्र के इन कर्मचारियों की उपलब्धि से खेलप्रेमियों में उत्साह है। नौकरी की जिम्मेदारियों के साथ खेल के प्रति समर्पण और 15 वर्षों की निरंतर मेहनत ने एक बार फिर साबित किया है कि दृढ़ इच्छाशक्ति और अनुशासन से सफलता हासिल की जा सकती है।

