राष्ट्रवाणी, 15 जून 2026। राज्य शासन के परिवहन विभाग ने प्रशासनिक व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से दो परिवहन अधिकारियों के तबादले के आदेश जारी किए हैं। मंत्रालय, नवा रायपुर अटल नगर से जारी आदेश के अनुसार दोनों अधिकारियों का स्थानांतरण तत्काल प्रभाव से अस्थायी रूप से किया गया है।
संयुक्त सचिव, परिवहन विभाग द्वारा जारी आदेश के मुताबिक मृत्युंजय पटेल, जो वर्तमान में क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी (आरटीओ) कार्यालय रायपुर में पदस्थ हैं, उन्हें क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी, दुर्ग के पद पर पदस्थ किया गया है।
वहीं प्रतीक शुक्ला, जो क्षेत्रीय परिवहन आयुक्त कार्यालय में सहायक क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी के रूप में कार्यरत थे, उन्हें जिला परिवहन अधिकारी, महासमुंद के पद पर नई जिम्मेदारी सौंपी गई है।
विभागीय सूत्रों के अनुसार प्रशासनिक आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए यह फेरबदल किया गया है। दोनों अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से नवीन पदस्थापना स्थल पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं।
परिवहन विभाग के इस निर्णय से दुर्ग और महासमुंद में परिवहन प्रशासन को नई दिशा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। विभागीय स्तर पर इसे नियमित प्रशासनिक प्रक्रिया का हिस्सा बताया गया है।

