नयी दिल्ली. बिहार में पुलिस अधिकारियों पर लगातार हो रहे हमलों की पृष्ठभूमि में राज्य के उप मुख्यमंत्री विजय सिन्हा ने रविवार को कहा कि पुलिस ‘ऐक्शन मोड’ में आ गई है और राज्य में 2005 की तरह ”खुलकर मुठभेड़” शुरू हो गई है, ताकि जनता को अपराधियों से सुरक्षित रखा जा सके. उन्होंने एक समाचार चैनल के कार्यक्रम ‘डायमंड स्टेट्स समिट’ के ग्रैंड फिनाले में यह टिप्पणी की.

सिन्हा का बयान बिहार की राजधानी पटना में मुठभेड़ के बाद एक कुख्यात अपराधी भरत कुमार समेत तीन बदमाशों को गिरफ्तार किये जाने के बाद आया है. इससे पहले, शनिवार को अररिया और वैशाली जिलों में दो अलग-अलग मुठभेड़ों में पुलिस ने एक इनामी अपराधी को मार गिराया और तीन अन्य को गिरफ्तार किया. वैशाली जिले के बिदुपुर थाना क्षेत्र में हुई एक अन्य मुठभेड़ में पुलिस ने विशाल कुमार और सुशील कुमार नामक दो अपराधियों को गिरफ्तार किया था.

राजद नेता तेजस्वी यादव पर निशाना साधते हुए सिन्हा ने कहा, ”चार्टर्ड विमान में जन्मदिन मनाने वाला जनता की सेवा नहीं कर सकता. क्या ऐसा व्यक्ति बिहार के श्रमिकों का सम्मान कर पाएगा, जो अपने आपको राजा-रानी का पुत्र समझता हो या जनता का मालिक बनना चाहता हो. ऐसा व्यक्ति जनता की सेवा नहीं कर सकता.” उन्होंने कहा कि जनता की सेवा करने के लिये जन सेवक बनना जरूरी होता है.

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की सराहना करते हुए सिन्हा ने कहा कि पहले 30 प्रतिशत लोगों का बैंक में खाता था, जबकि अब 80 फीसदी से ज्यादा लोगों के पास बैंक खाता है. उप मुख्यमंत्री ने कहा कि इससे बिहार भी लाभान्वित हुआ है. उन्होंने कहा, ”किसान को लोग समझते हैं कि वे डिजिटल रूप से साक्षर नहीं है, लेकिन हमने देखा है कि हमारे अनुदान वितरण और हर तरह की डिजिटल गतिविधियों में अब सीमांत किसानों की भागीदारी ज्यादा है. यह बदलते बिहार का एक नया स्वरूप है.”

उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार कई योजनाओं का लाभ सीधे बैंक खाते में हस्तांतरित कर रही है, जिससे लोगों में डिजिटल रूप से जागरूकता आई है. बिहार के विकास का उल्लेख करते हुए सिन्हा ने दावा किया, ”बजट का आकार 14 गुना बढ़ा है, विकास की गति बढ़ी है. गांव-गांव चार लेन, छह लेन मार्गों से जुड़ रहे हैं.”

राष्ट्रवाणी एक डिजिटल समाचार एवं जनचर्चा मंच है, जिसका उद्देश्य विश्वसनीय पत्रकारिता, सार्थक राष्ट्रीय विमर्श और जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रभावशाली तरीके से समाज के सामने प्रस्तुत करना है।

हम मानते हैं कि पत्रकारिता केवल समाचार देने का माध्यम नहीं, बल्कि समाज को जागरूक करने, लोकतांत्रिक संवाद को मजबूत बनाने और राष्ट्र निर्माण की दिशा में सकारात्मक सोच विकसित करने का दायित्व भी है। “राष्ट्र प्रथम” की भावना के साथ राष्ट्रवाणी देश, समाज, शासन, अर्थव्यवस्था, कृषि, तकनीक, संस्कृति और जनसरोकारों से जुड़े विषयों को गहराई और तथ्यात्मक दृष्टिकोण के साथ प्रस्तुत करता है।

संपादक : नीरज दीवान

मोबाइल नंबर : 7024799009

© 2026 ThemeSphere. Designed by ThemeSphere.
Exit mobile version