राष्ट्रवाणी: दीपेंद्र सोनी, , रायपुर। अगर आप वीकेंड की छुट्टियों में परिवार या दोस्तों के साथ शहर की भागदौड़ से दूर कुछ सुकून भरे पल बिताना चाहते हैं तो आपको यह ख्रबर जरूर पढ़नी चाहिए। आप राजधानी से ज्यादा दूर नहीं जाना चाहते, तो रायपुर के आसपास कई ऐसे अद्भुत पर्यटन स्थल मौजूद हैं जो मानसून के दिनों में किसी स्वर्ग से कम नहीं लगते। बरसात के मौसम में इन जगहों की प्राकृतिक सुंदरता अपने चरम पर होती है और यहां का मनमोहक नजारा हर किसी का मन मोह लेता है। तो आइए आपको परिचित कराते हैं तीन प्रमुख मानसून डेस्टिनेशन से। छत्तीसगढ़ की ऐतिहासिक और पुरातात्विक नगरी सिरपुर अपनी प्राचीन धरोहरों के लिए दुनिया भर में प्रसिद्ध है। लेकिन अब सिरपुर से महज सात किलोमीटर दूर स्थित धसकुंड जलप्रपात प्रकृति प्रेमियों के आकर्षण का नया केंद्र बन चुका है। ग्राम पंचायत चुहरी के घने जंगलों के बीच स्थित यह झरना अपनी खूबसूरती से पर्यटकों को मंत्रमुग्ध कर रहा है। यहां तक पहुंचने के लिए डेढ़ से दो किलोमीटर पैदल चलना पड़ता है। जंगल की पगडंडियों से गुजरते समय लगभग 100 फीट की ऊंचाई से गिरते पानी की आवाज और ठंडी हवा सारी थकान मिटा देती है। यह रायपुर से लगभग 95 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है। जतमई वाॅटर फाल के विहंगम नजारे का आनंद लेते पर्यटक।-दीपेंद्र सोनी मानसून की पहली फुहार के साथ ही छत्तीसगढ़ के नदी और नाले पूरे वेग से बहने लगते हैं। गरियाबंद जिले के घने जंगलों के बीच स्थित जतमई जलप्रपात इन दिनों पर्यटकों की पहली पसंद बना हुआ है। लगभग 40 फीट की ऊंचाई से गिरता पानी चट्टानों से टकराकर अद्भुत रोमांच पैदा करता है। यह स्थल केवल प्राकृतिक सौंदर्य ही नहीं बल्कि अपनी धार्मिक आस्था के लिए भी जाना जाता है। ग्रेनाइट पत्थरों से बना मां जतमई का भव्य मंदिर यहां आने वाले श्रद्धालुओं को आकर्षित करता है। यह रायपुर से लगभग 85 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है। जतमई मंदिर से महज 25 किलोमीटर की दूरी पर स्थित घटारानी जलप्रपात भी पर्यटकों के बीच बेहद लोकप्रिय है। बरसात के दिनों में यह झरना अपने पूरे शवाब पर होता है। झरने के नीचे बना प्राकृतिक जलकुंड और आसपास का घना जंगल परिवार के साथ पिकनिक मनाने के लिए इस जगह को परफेक्ट बनाता है। रोमांच के शौकीन युवा यहां जंगल ट्रैकिंग का भी भरपूर आनंद लेते हैं।
Trending
- भारतीय पीएसयू एसईसीएल मुख्यालय में 62वीं कंपनी-स्तरीय द्विपक्षीय सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई
- भारतीय पीएसयू बीसीसीएल मुख्यालय में विशेष इंटरैक्टिव सत्र का आयोजन किया गया
- संगठन निर्माण और कांग्रेस कनेक्ट सेंटर की रिपोर्टिंग में छत्तीसगढ़ कांग्रेस देश में अव्वल, बूथ से प्रदेश तक कार्यकर्ताओं की मेहनत लाई रंग – राष्ट्रवाणी
- मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय तीन दिवसीय दिल्ली दौरे पर रवाना, राष्ट्रपति से करेंगे मुलाकात, राहुल गांधी के बयान पर साधा निशाना – राष्ट्रवाणी
- मंत्रिमंडलीय उप समिति की बैठक में लिए गए महत्वपूर्ण निर्णय, अब सिर्फ 10% ही लिया जाएगा ब्रोकन चावल – राष्ट्रवाणी
- स्कूल में शर्मनाक सजा: दंड के नाम पर शिक्षिका ने छात्र से लिखवाई 100 बार अश्लील गालियां, कॉपी देखकर भड़के अभिभावक, देो ने दिए जांच के आदेश – राष्ट्रवाणी
- मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने लोकसभा में लोक परीक्षा (अनुचित साधन निवारण) संशोधन विधेयक, 2026 के पारित होने का किया स्वागत
- गुरु पूर्णिमा पर कोसमनारा पहुंचे CM साय, सत्यनारायण बाबा धाम में की पूजा-अर्चना

