राष्ट्रवाणी: प्रतिनिधि,अंबिकापुर: साइबर धोखाधड़ी का एक और मामला सामने आया है। चोपड़ापारा निवासी व्यापारी पूरन अग्रवाल के यूनियन बैंक के सीसी लिमिट खाते से एक लाख 33 हजार रुपये पार कर दिए गए। ठगों ने यूनियन बैंक का लोगो लगाकर व्हाट्सएप पर लिंक भेजा और अपडेट कराते ही रकम आइएमपीएस के जरिए पूरब अग्रवाल के खाते में ट्रांसफर हो गई। कोतवाली पुलिस ने बीएनएस की धारा 318(4) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शहर के चोपड़ापारा निवासी व्यापारी पूरन अग्रवाल का यूनियन बैंक अंबिकापुर में क्रेडिट खाता है। पूरन अग्रवाल ने थाना कोतवाली में लिखित आवेदन दिया कि 10-15 दिनों से मोबाइल पर बैंक अपडेट का मैसेज आ रहा था। 20 जुलाई 2026 को रात करीब 7:30 बजे उनके मोबाइल नंबर पर एक अज्ञात नंबर से व्हाट्सएप मैसेज आया। मैसेज में यूनियन बैंक का लोगो लगा था और अपडेट के लिए एक लिंक भेजा गया था। शिकायत के मुताबिक, जैसे ही उन्होंने लिंक पर क्लिक कर अपडेट किया, वैसे ही खाते से 1,33,000 रुपये कटने का मैसेज आ गया। मैसेज में लिखा था कि रकम पूरब अग्रवाल को आइएमपीएस के माध्यम से ट्रांसफर की गई है। पूरन अग्रवाल का कहना है कि उन्होंने कोई ट्रांजेक्शन नहीं किया और न ही वे पूरब अग्रवाल को जानते हैं। उन्हें तब पता चला कि उनके साथ धोखाधड़ी हुई है। पुलिस ने मामले को विवेचना में लेकर साइबर सेल की मदद से जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस उन मोबाइल नंबरों की जानकारी जुटा रही है, जिनसे लिंक भेजा गया था। पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि बैंक कभी भी व्हाट्सएप या कॉल पर लिंक भेजकर खाता अपडेट नहीं कराता। किसी भी अनजान लिंक, ओटीपी या मैसेज पर क्लिक न करें। संदेह होने पर तुरंत बैंक शाखा या साइबर हेल्पलाइन पर संपर्क करें।

राष्ट्रवाणी एक डिजिटल समाचार एवं जनचर्चा मंच है, जिसका उद्देश्य विश्वसनीय पत्रकारिता, सार्थक राष्ट्रीय विमर्श और जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रभावशाली तरीके से समाज के सामने प्रस्तुत करना है।

हम मानते हैं कि पत्रकारिता केवल समाचार देने का माध्यम नहीं, बल्कि समाज को जागरूक करने, लोकतांत्रिक संवाद को मजबूत बनाने और राष्ट्र निर्माण की दिशा में सकारात्मक सोच विकसित करने का दायित्व भी है। “राष्ट्र प्रथम” की भावना के साथ राष्ट्रवाणी देश, समाज, शासन, अर्थव्यवस्था, कृषि, तकनीक, संस्कृति और जनसरोकारों से जुड़े विषयों को गहराई और तथ्यात्मक दृष्टिकोण के साथ प्रस्तुत करता है।

संपादक : नीरज दीवान

मोबाइल नंबर : 7024799009

© 2026 ThemeSphere. Designed by ThemeSphere.
Exit mobile version