राष्ट्रवाणी: जगदलपुर/बीजापुर। बंगाल की खाड़ी में बने गहरे अवदाब (Deep Depression) के प्रभाव से ओडिशा और आसपास के इलाकों में भारी बारिश का दौर जारी है। ओडिशा के कई जिलों में एहतियात के तौर पर स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र बंद किए गए हैं।
इसी मौसम प्रणाली के प्रभाव और छत्तीसगढ़ में लगातार हो रही बारिश को देखते हुए बस्तर, सुकमा और बीजापुर जिले में भी 25 सितंबर को सभी स्कूल बंद रखने का फैसला लिया गया है। बता दें कि दोनों जिलों के जिला शिक्षा अधिकारियों ने कलेक्टर के निर्देश के बाद इस संबंध में आदेश जारी किए हैं। इसके तहत सरकारी, निजी और अनुदान प्राप्त सभी स्कूलों में 25 सितंबर को अवकाश रहेगा।
बीजापुर जिले में 25 सितंबर को प्राथमिक, मिडिल, हाईस्कूल और हायर सेकेंडरी स्कूलों में छुट्टी रहेगी। लगातार हो रही बारिश और मौसम की स्थिति को देखते हुए विद्यार्थियों की सुरक्षा के मद्देनजर यह बड़ा और ऐतिहासिक फैसला लिया गया है। स्कूल बंद रहने के कारण 25 सितंबर को होने वाली त्रैमासिक परीक्षाओं की तारीख में भी बदलाव किया गया है।
मिडिल और माध्यमिक स्तर की 25 सितंबर को निर्धारित परीक्षा अब 28 सितंबर 2026 को उसी समय पर होगी। वहीं हाईस्कूल और हायर सेकेंडरी की 25 सितंबर को होने वाली त्रैमासिक परीक्षा अब 1 अक्टूबर 2026 को आयोजित की जाएगी। बस्तर जिले में भी लगातार हो रही भारी बारिश को देखते हुए 25 सितंबर को सभी सरकारी, निजी और अनुदान प्राप्त स्कूल बंद रखने का आदेश जारी किया गया है।
जिला शिक्षा अधिकारी बी.आर. बघेल की ओर से जारी आदेश में विद्यार्थियों की सुरक्षा और स्वास्थ्य को देखते हुए यह फैसला लिया गया है। बस्तर में 25 सितंबर को होने वाली त्रैमासिक परीक्षा को लेकर अलग से निर्देश जारी किए जाएंगे। परीक्षा की नई तारीख की जानकारी बाद में दी जाएगी।
सुकमा जिले में पिछले तीन दिनों से लगातार बारिश हो रही है। बारिश के कारण जिले के नदी-नाले उफान पर हैं। अतिवृष्टि की स्थिति को देखते हुए कलेक्टर ने 25 सितंबर को एक दिन के लिए स्कूलों में अवकाश घोषित करने का आदेश जारी किया है।
लगातार बारिश के चलते जिले में आवागमन प्रभावित होने की आशंका भी बनी हुई है। स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन को अलर्ट किया गया है। प्रशासन की ओर से लोगों से नदी-नालों से दूरी बनाए रखने और उफनते नदी-नालों को पार करने की कोशिश नहीं करने की अपील की गई है।
लगातार बारिश के बीच शबरी नदी का जलस्तर भी लगातार बढ़ रहा है और खतरे के निशान के करीब पहुंच गया है। जलस्तर बढ़ने को देखते हुए पहला अलर्ट घोषित किया गया है। प्रशासन नदी के जलस्तर और आसपास के इलाकों की स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
सुकमा में लगातार बारिश से निचले इलाकों में जलभराव और आवागमन प्रभावित होने की स्थिति बन सकती है। मौसम विभाग के ताजा अलर्ट में भी सुकमा में अगले 24 घंटे के दौरान अत्यधिक भारी बारिश की संभावना जताई गई है। बंगाल की खाड़ी में बने डीप डिप्रेशन के चलते ओडिशा के दक्षिणी और तटीय हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश की स्थिति बनी हुई है।
कई संवेदनशील जिलों में स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र एहतियातन बंद किए गए हैं। प्रशासन ने निचले इलाकों, नदी-नालों और जलभराव वाले क्षेत्रों पर विशेष निगरानी बढ़ाई है। मौसम प्रणाली को लेकर ‘अर्नब’ नाम की चर्चा जरूर हुई, लेकिन मौसम विभाग के मुताबिक यह सिस्टम डीप डिप्रेशन के रूप में तट पार कर चुका है।
इसके प्रभाव से ओडिशा और दक्षिणी छत्तीसगढ़ में भारी बारिश का दौर बना हुआ है। छत्तीसगढ़ के बस्तर संभाग में लगातार बारिश के कारण नदी-नालों के जलस्तर बढ़ने और निचले इलाकों में जलभराव की आशंका बनी हुई है। ऐसे में बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए बस्तर और बीजापुर प्रशासन ने 25 सितंबर को स्कूल बंद रखने का बड़ा और ऐतिहासिक फैसला लिया है।
दोनों जिलों में जारी आदेश तत्काल प्रभाव से लागू होंगे।
