राष्ट्रवाणी: सेनहाइजर मोमेंटम ट्रू वायरलेस 5 ईयरबड्स अपनी दमदार साउंड क्वालिटी, एएनसी और बैटरी बदलने की सुविधा के साथ ई-वेस्ट की …और पढ़ें Sennheiser Momentum 5 रिव्यू: दमदार ANC और 40 घंटे की बैटरी, क्या ₹29,999 सही कीमत है? बैटरी बदलने की सुविधा इसे ई-वेस्ट बनने से बचाती है।
दमदार साउंड क्वालिटी, एएनसी और 40 घंटे की बैटरी लाइफ। स्लीक डिजाइन, IP54 रेटिंग और बेहतरीन माइक्रोफोन परफॉरमेंस। ब्रह्मानंद मिश्र, नई दिल्ली।
समय के साथ सभी डिवाइसेज की परफार्मेंस और बैटरी खराब होने लगती है और आपका सबसे पसंदीदा गैजेट ई-वेस्ट यानी इलेक्ट्रानिक कचरे का हिस्सा बन जाता है। सेनहाइजर द्वारा पेश फ्लैगशिप मोमेंटम ट्रू वायरलेस 5 ईयरबड्स ऐसी डिवाइस है जो आपकी इस समस्या का बड़ा समाधान पेश करती है। इसकी साउंड क्वालिटी से लेकर डिजाइन अपग्रेड तक कई सारी खूबियां आकर्षित करती हैं, पर ईयरबड्स और चार्जिंग केस की बैटरी बदलने की जो सुविधा मिलती है, वह इसे बेमिसाल बनाती है, यानी यह पहला न्वाइज कैंसिलिंग ईयर बड्स है, जो ई-वेस्ट का हिस्सा नहीं बनेगा।
ग्रेफाइट, क्रीम, कापर, डेनिम और लैवेंडर जैसे कलर आप्शंस में इसे पेश किया गया है। मोमेंटम-5 का केस डिजाइन स्लीक और हल्का है, जिससे आप इसे पाकेट में आसानी से ले जा सकते हैं। इसमें ब्लूटूथ 6.0 सपोर्ट, दोनों ईयरबड में तीन माइक वाला बेहतर माइक्रोफोन ऐरे और बोन-कंडक्शन वाइस एक्सेलेरोमीटर दिया गया है।
ईयरबड्स छोटे और आकर्षक डिजाइन में हैं। इसमें ईयर टिप के अनेक आप्शन स्माल, मीडियम, लार्ज साइज में दिए गए हैं, जिनका आप अपनी सुविधा के अनुसार प्रयोग कर सकते हैं। इसका मीडियम साइज घंटों प्रयोग करने के दौरान कान में किसी तरह की असहजता पैदा नहीं करता।
यूएसपी-सी चार्जिंग पोर्ट केस के निचले हिस्से में बाईं ओर किनारे के पास है, जो आम तौर पर नजर में नहीं आता (यह अक्सर बीच में होता है)। केस को खोलने वाला स्क्रू नीचे दाईं ओर है। बड्स में टच कंट्रोल दिए गए हैं और सही टच प्वाइंट मिल जाने पर ये काफी अच्छे से काम करते हैं।
मोमेंटम ट्रू वायरलेस 5 कांपैक्ट ईयरबड डिजाइन में बेहतरीन आडियोफाइल साउंड देता है। इसमें ट्रूरिस्पांस ट्रांसड्यूसर हैं जो 24-bit/96kHz हाइ-रेस आडियो और डाल्बी एटमास 3डी साउंड देते हैं। इसका हाइब्रिड अडैप्टिव एएनसी सिस्टम आसपास के शोर या हवा की ध्वनि को स्वतः कम करता है।
अब ज्यादातर ईयरबड्स न्वाइज कैंसिलिंग की सुविधा के साथ आने लगे हैं, लेकिन मोमेंटम 5 के मामले में बड़ा तकनीकी बदलाव स्पष्ट दिखता है। इसका लो और मिड फ्रीक्वेंसी एटेनुएशन काफी इंप्रेसिव है। ट्रांसपेरेंसी मोड में बड्स की परफार्मेंस बेहतरीन है।
माइक्रोफोन की परफार्मेंस बेहतर होने से कालिंग के दौरान काफी सहजता महसूस होती है। वाकिंग या जागिंग करते समय में आवाज की समस्या नहीं आती, बशर्ते आप इसके टिप के बेस्ट आप्शन का प्रयोग कर रहे हों। हालांकि, इंटेंस वर्कआउट या रनिंग के दौरान आपको अधिक सतर्क रहने की जरूरत होती है।
जब आप एक या दोनों बड्स को अपने कानों से निकालते हैं, तो बड्स में वियर-डिटेक्शन सेंसर आडियो को रोक देते हैं और वापस लगाने पर प्लेबैक शुरू कर देते हैं। एडवांस्ड साउंड क्वालिटी मोड का इस्तेमाल बाहर या भीडभाड़ वाली जगहों के बजाय घर या आफिस में आराम से बैठकर करना सबसे अच्छा रहता है, इससे म्यूजिक में थोड़ी और गहराई आती है और यह महसूस भी होती है।
सेनहाइजर के ‘साउंड कंट्रोल प्लस’ एप में ईक्यू सेटिंग्स, साउंड पर्सनलाइजेशन मोड और ‘साउंड जोन’ जैसे फीचर्स मिलते हैं। इस प्राइस रेंज में लगभग सभी ईयरबड्स की साउंड क्वालिटी बहुत अच्छी होती है। सेनहाइजर का डिफाल्ट साउंड प्रोफाइल न्यूट्रल और बैलेंस्ड होता है, यानी आवाज में एक तरह की शुद्धता होती है, यह नैचुरल और सटीक लगती है ।
इसमें एडेप्टिव हाइब्रिड एक्टिव नाइज कैंसिलेशन सिस्टम है। जब आप बड्स को अपने कानों में लगाते हैं, तो ‘अडैप्टिव नाइज कैंसलिंग’ फीचर चालू होने से पहले आस-पास की आवाज को समझने में कुछ सेकंड लेता है। ये बड्स कम फ्रीक्वेंसी वाली आवाज को रोकने में सबसे अच्छे हैं।
अगर आप आउटडोर एक्टिविटी अधिक करते हैं या रनिंग या तेज व्यायाम करते हैं, तो ईयर हुक के चलते स्पोर्ट्स बड्स का ही प्रयोग करना बेहतर और सुरक्षित माना जाता है। हालांकि, इसमें कोई समस्या नहीं है। पानी, पसीने और डस्ट से सुरक्षा के लिए इसे आइपी54 रेटिंग दी गई है।
सिंगल चार्ज पर आप इसे 12 घंटे आसानी से चला सकते हैं। केस के साथ इसे 40 घंटे चलाया जा सकता है। इसे रिप्लेस करने की सुविधा है, लेकिन अभी कुछ साल इसकी जरूरत नहीं होगी।
आप इसे लंबे समय तक चला सकते हैं, बशर्ते कुछ बातों का ध्यान रखें, जैसे बड्स को धीरे धीरे और 80 प्रतिशत तक ही चार्ज करने जैसी आदतों से बैटरी लाइफ बनी रहती है। साउंड क्वालिटी, नाइज कैंसिलिंग और वायस परफार्मेंस के मामले में यह एक्सीलेंट है। नए तरह से डिजाइन ईयरबड्स और केस इसे आकर्षक और पाकेट में रखने में सहज बनाते हैं।
इसकी कीमत थोड़ी अधिक है, कनेक्टिविटी में कुछ शुरुआती असहजता हो सकती है, यह बड़ा ईश्यू नहीं है। ईयर हुक नहीं होने से आउटडोर एक्टिविटी के दौरान सतर्क रहने की जरूरत होती है।
