मुंबई. स्थानीय शेयर बाजार में मंगलवार को लगातार दूसरे दिन गिरावट रही और बीएसई सेंसेक्स 297 अंक टूट गया, जबकि एनएसई निफ्टी में 82 अंक का नुकसान रहा. एशिया तथा यूरोप के बाजारों में कमजोर रुख तथा विदेशी संस्थागत निवेशकों की पूंजी निकासी के बीच घरेलू बाजार में गिरावट आई.
तीस शेयरों पर आधारित सेंसेक्स शुरुआती लाभ को बरकरार नहीं रख पाया और अंत में 297.07 अंक यानी 0.36 प्रतिशत की गिरावट के साथ 82,029.98 अंक पर बंद हुआ. कारोबार के दौरान एक समय यह 545.43 अंक तक लुढ़क गया था. सेंसेक्स में शामिल शेयरों में 23 नुकसान में जबकि सात लाभ में रहे. पचास शेयरों पर आधारित एनएसई निफ्टी 81.85 अंक यानी 0.32 प्रतिशत की गिरावट के साथ 25,145.50 अंक पर बंद हुआ.
विश्लेषकों ने कहा कि शेयर बाजार ने दिन की शुरुआत तेजी के साथ की, लेकिन कमजोर वैश्विक रुख और व्यापार संबंधी चिंताओं के कारण यह गति बरकरार नहीं रह पायी. विदेशी पूंजी की निकासी से भी धारणा प्रभावित हुई. सेंसेक्स में शामिल कंपनियों में बजाज फाइनेंस सबसे ज्यादा 1.8 प्रतिशत नुकसान में रही. इसके अलावा, भारत इलेक्ट्रॉनिक्स, टाटा स्टील, टाटा कंसल्टेंसी र्सिवसेज, एनटीपीसी, ट्रेंट, एशियन पेंट्स और एक्सिस बैंक प्रमुख रूप से नुकसान में रहीं. दूसरी तरफ, लाभ में रहने वाले शेयरों में टेक महिंद्रा, आईसीआईसीआई बैंक, पावर ग्रिड, हिंदुस्तान यूनिलीवर और रिलायंस इंडस्ट्रीज शामिल हैं.
ऑनलाइन ट्रेडिंग कंपनी एनरिच मनी के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) पोनमुडी आर ने कहा, ”नए घरेलू संकेतों के अभाव में शेयर बाजारों में व्यापक स्तर पर मुनाफावसूली देखने को मिली. इसका कारण एशिया और यूरोपीय बाजारों से कमजोर संकेतों ने निवेशकों की धारणा को प्रभावित किया. अमेरिका-चीन व्यापार तनाव के फिर से बढ़ने से जोखिम से बचने का रुख बढ़ा है. इससे सोने और अमेरिकी ट्रेजरी बॉन्ड जैसी सुरक्षित निवेश वाली संपत्तियों की ओर आकर्षण बढ़ा है….” रेलिगेयर ब्रोकिंग लि. के वरिष्ठ उपाध्यक्ष (शोध) अजित मिश्रा के अनुसार, शेयर बाजार सकारात्मक रुख के साथ खुले, लेकिन शुरुआती बढ़त बरकरार नहीं रख पाए और अंत में मामूली गिरावट के साथ बंद हुए. व्यापार संबंधी चिंताओं का बाजार पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ा.
छोटी कंपनियों से जुड़े बीएसई स्मॉलकैप सूचकांक में 0.95 प्रतिशत और मझोली कंपनियों से संबंधित मिडकैप में 0.74 प्रतिशत की गिरावट आई. बीएसई में सूचीबद्ध शेयरों में 2,870 नुकसान में जबकि 1,337 लाभ में रहें. वहीं 127 के भाव अपरिर्वितत रहे. एशिया के अन्य बाजारों में, दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, जापान का निक्की, चीन का शंघाई कम्पोजिट और हांगकांग का हैंग सेंग गिरावट के साथ बंद हुए.
यूरोप के प्रमुख बाजारों में दोपहर के कारोबार में गिरावट का रुख था. अमेरिकी बाजार सोमवार को तेजी के साथ बंद हुए थे. वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 1.82 प्रतिशत टूटकर 62.17 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया. शेयर बाजार के के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने सोमवार को 240.10 करोड़ रुपये के शेयर बेचे. सेंसेक्स सोमवार को 173.77 अंक टूटा था जबकि निफ्टी में 58 अंक की गिरावट आई थी.
