राष्ट्रवाणी 20 जून 2026। जिले के अंबागढ़ चौकी क्षेत्र में शिवनाथ नदी में मगरमच्छ देखे जाने की सूचना के बाद नदी किनारे बसे गांवों में दहशत का माहौल है। सोशल मीडिया पर वायरल हुई एक तस्वीर में नदी के पानी में मगरमच्छ तैरता दिखाई देने के बाद वन विभाग सतर्क हो गया है और क्षेत्र में लगातार निगरानी कर रहा है। वन विभाग ने ग्रामीणों को नदी से दूर रहने की हिदायत भी दी है।

जानकारी के अनुसार गुरुवार शाम सोशल मीडिया पर एक तस्वीर तेजी से वायरल हुई, जिसमें शिवनाथ नदी में एक मगरमच्छ तैरता नजर आ रहा है। तस्वीर का लोकेशन अंबागढ़ चौकी नगर से लगे गौलीटोला क्षेत्र का बताया जा रहा है। वायरल तस्वीर की जांच के बाद वन विभाग ने भी इसकी पुष्टि की है।

जिला वन अधिकारी (डीएफओ) दिनेश पटेल ने बताया कि ग्रामीणों से शिवनाथ नदी में मगरमच्छ दिखाई देने की सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना मिलते ही संबंधित क्षेत्र के वन अधिकारियों और कर्मचारियों को मौके पर निगरानी के लिए तैनात कर दिया गया है। विभाग स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।

शुक्रवार को सहायक वन परिक्षेत्र अधिकारी मणिराम पाल अपनी टीम के साथ गौलीटोला क्षेत्र में नदी किनारे निगरानी करते नजर आए। उन्होंने बताया कि वायरल तस्वीर में दिखाई देने वाला जीव मगरमच्छ ही है। तस्वीर सामने आने के बाद से लगातार निगरानी की जा रही है, हालांकि अब तक मगरमच्छ दोबारा दिखाई नहीं दिया है। निगरानी के दौरान नदी में बड़ी संख्या में मछलियां जरूर देखी गई हैं।

वन विभाग ने एहतियात के तौर पर आसपास के गांवों में मुनादी कराकर लोगों को नदी में नहाने, कपड़े धोने, अन्य निस्तारी कार्य करने तथा मवेशियों को नदी में ले जाने से फिलहाल बचने की सलाह दी है। विभाग ने ग्रामीणों से सतर्क रहने और मगरमच्छ दिखने पर तत्काल सूचना देने की अपील की है।

वन विभाग उस व्यक्ति की भी तलाश कर रहा है जिसने सबसे पहले मगरमच्छ की तस्वीर सोशल मीडिया पर साझा की थी, ताकि घटना से जुड़ी अधिक जानकारी प्राप्त की जा सके। फिलहाल रेस्क्यू और सुरक्षा की दृष्टि से वन अमला पूरी तरह अलर्ट मोड पर है।

राष्ट्रवाणी एक डिजिटल समाचार एवं जनचर्चा मंच है, जिसका उद्देश्य विश्वसनीय पत्रकारिता, सार्थक राष्ट्रीय विमर्श और जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रभावशाली तरीके से समाज के सामने प्रस्तुत करना है।

हम मानते हैं कि पत्रकारिता केवल समाचार देने का माध्यम नहीं, बल्कि समाज को जागरूक करने, लोकतांत्रिक संवाद को मजबूत बनाने और राष्ट्र निर्माण की दिशा में सकारात्मक सोच विकसित करने का दायित्व भी है। “राष्ट्र प्रथम” की भावना के साथ राष्ट्रवाणी देश, समाज, शासन, अर्थव्यवस्था, कृषि, तकनीक, संस्कृति और जनसरोकारों से जुड़े विषयों को गहराई और तथ्यात्मक दृष्टिकोण के साथ प्रस्तुत करता है।

संपादक : नीरज दीवान

मोबाइल नंबर : 7024799009

© 2026 ThemeSphere. Designed by ThemeSphere.
Exit mobile version