राष्ट्रवाणी: प्रतिनिधि, अंबिकापुर : अंबिकापुर/सूरजपुर। सूरजपुर के नेहरू पार्क में सोमवार रात एक युवती की धारदार हथियार से गला रेतकर बेरहमी से हत्या कर दी गई। इस सनसनीखेज वारदात का खुलासा करते हुए पुलिस ने मृतका के प्रेमी को हिरासत में ले लिया है। हत्या की इस घटना का मूल कारण प्रेम-प्रसंग बताया जा रहा है। मृतका की पहचान लटोरी निवासी राधिका राजवाड़े के रूप में हुई है, जो सूरजपुर में एक घर में रहकर काम करती थी। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतका बिना किसी को बताए शाम को घर से निकली थी। आरोपित प्रेमी रितेश राजवाड़े ने ही उसे नेहरू पार्क में मिलने के लिए बुलाया था। पार्क में दोनों लगभग एक घंटे तक साथ बैठे और बातचीत करते रहे। इसी दौरान किसी बात को लेकर उपजे विवाद के बाद प्रेमी रितेश राजवाड़े ने धारदार हथियार से राधिका का गला रेत दिया। अचानक हुए इस हमले से गंभीर रूप से घायल राधिका जान बचाने के लिए लहूलुहान अवस्था में कुछ दूर तक भागी भी, लेकिन अत्यधिक खून बह जाने के कारण वह पार्क में ही गिर पड़ी। वहां मौजूद लोगों ने तुरंत उसे जिला अस्पताल सूरजपुर पहुंचाया। जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार के दौरान गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए उसे अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया था। लेकिन, एम्बुलेंस जब रास्ते में सिलफिली के पास पहुंची, तभी उसने दम तोड़ दिया। अस्पताल में प्राथमिक उपचार के दौरान राधिका ने सूझबूझ दिखाते हुए खुद अपने मोबाइल का लॉक खोलकर पुलिस को सौंप दिया था। पुलिस इस मोबाइल की कॉलिंग डिटेल और चैट की मदद से वारदात के कारणों की गहराई से पड़ताल कर रही है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इलाके की घेराबंदी की और घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और स्थानीय पूछताछ के आधार पर आरोपित प्रेमी को हिरासत में ले लिया है। मृतका के परिजनों को भी घटना की सूचना दे दी गई है, जिसके बाद से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। पुलिस आरोपित से कड़ाई से पूछताछ कर रही है ताकि वारदात में इस्तेमाल हथियार और अन्य छिपे पहलुओं का खुलासा किया जा सके।
Trending
- उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा की पहल से समय पर उपचार ने बचाई 4 वर्षीय मासूम की जान – राष्ट्रवाणी
- छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट में लंबित मामलों में ऐतिहासिक कमी: 32,747 प्रकरण निपटे, मुख्य न्यायाधीश की पहल से मिली बड़ी सफलता – राष्ट्रवाणी
- अंबिकापुर महामाया पहाड़ पर मिली लाश मोबाइल दुकान संचालक की: महिला का शव बताकर दफनाने पर भड़के स्वजन – राष्ट्रवाणी
- चार किमी पैदल चलकर बलरामपुर कलेक्टर के पास पहुंचे एकलव्य विद्यालय के छात्र: भोजन में कीड़े और बदइंतजामी से फूटा गुस्सा – राष्ट्रवाणी
- बलरामपुर में शक की आग में इंसानियत शर्मसार : महिला के घर में घुसने पर विक्षिप्त युवक की हत्या – राष्ट्रवाणी
- छत्तीसगढ़ में उफनते नाले में बही कार, पति-पत्नी लापता, चालक ने कूदकर बचाई जान – राष्ट्रवाणी
- मोबाइल पर बात करते हुए पैदल चलने वालों से लूटपाट करने वाले को बिलासपुर पुलिस ने किया गिरफ्तार – राष्ट्रवाणी
- नशे में पानी टंकी पर चढ़ा युवक: जांजगीर पुलिस की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा – राष्ट्रवाणी
