राष्ट्रवाणी: न्यूज, बतौली। सरगुजा जिले के बतौली थाना क्षेत्र के ग्राम झरगंवा में सोमवार को करंट लगने से एक 25 वर्षीय महिला की मौत हो गई। घर के लोहे के दरवाजे में घरेलू बिजली का करंट प्रवाहित होने के कारण महिला दरवाजे से चिपक गई और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। घटना के समय महिला घर में अकेली थी। हादसे के बाद गांव में शोक का माहौल है। जानकारी के अनुसार ग्राम झरगंवा निवासी रतिराम पैंकरा की बेटी सलीना पैंकरा (25) सोमवार को घर में अकेली थी। परिवार के अन्य सदस्य खेत में रोपा लगाने गए हुए थे। इसी दौरान सलीना घर का लोहे का दरवाजा खोलने पहुंची। दरवाजे में करंट प्रवाहित होने के कारण वह उसकी चपेट में आ गई और करंट लगने से मौके पर ही उसकी मौत हो गई। शाम को परिवार के सदस्य रोपा लगाने के बाद घर लौटे तो सलीना को लोहे के दरवाजे से चिपका हुआ अचेत अवस्था में देखा। दरवाजे में करंट प्रवाहित होने के कारण स्वजन भी उसकी चपेट में आने से बाल-बाल बच गए। बाद में घटना की सूचना पुलिस को दी गई। मृतका के पिता रतिराम पैंकरा ने बताया कि सलीना का विवाह हो चुका था, लेकिन करीब डेढ़ वर्ष से वह अपने मायके झरगंवा में रह रही थी। सोमवार को घर में अकेले रहने के दौरान वह इस हादसे का शिकार हो गई। घटना की सूचना मिलने पर बतौली पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले की जांच शुरू कर दी है। करंट लगने से हुई मौत के मामले में बिजली विभाग के सहायक यंत्री आरपी. सिंह ने बताया कि विद्युत दुर्घटना में मृत्यु होने पर नियमानुसार मुआवजा दिए जाने का प्रविधान है। मामले की जांच पूरी होने के बाद पात्रता के अनुसार पीड़ित परिवार को मुआवजा प्रदान किया जाएगा।

राष्ट्रवाणी एक डिजिटल समाचार एवं जनचर्चा मंच है, जिसका उद्देश्य विश्वसनीय पत्रकारिता, सार्थक राष्ट्रीय विमर्श और जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रभावशाली तरीके से समाज के सामने प्रस्तुत करना है।

हम मानते हैं कि पत्रकारिता केवल समाचार देने का माध्यम नहीं, बल्कि समाज को जागरूक करने, लोकतांत्रिक संवाद को मजबूत बनाने और राष्ट्र निर्माण की दिशा में सकारात्मक सोच विकसित करने का दायित्व भी है। “राष्ट्र प्रथम” की भावना के साथ राष्ट्रवाणी देश, समाज, शासन, अर्थव्यवस्था, कृषि, तकनीक, संस्कृति और जनसरोकारों से जुड़े विषयों को गहराई और तथ्यात्मक दृष्टिकोण के साथ प्रस्तुत करता है।

संपादक : नीरज दीवान

मोबाइल नंबर : 7024799009

© 2026 ThemeSphere. Designed by ThemeSphere.
Exit mobile version