भिलाईनगर, 02 मई 2026। टाइगर कैपिटल के सहयोग से इंडिया खेलो फुटबॉल (आईकेएफ) के सीज़न-6 का ट्रायल देने शनिवार की सुबह सेक्टर-2 के फुटबॉल ग्राउंड में 16 व 17 आयुवर्ग के खिलाड़ी उमड़े। यहां पहले सत्र में 100 से ज्यादा इन खिलाड़ियों ने निर्णायकों के सामने अपने फुटबॉल खेल का हुनर दिखाया।
स्थानीय स्तर पर इस आयोजन में भागीदार लेमन ब्रेक अकादमी के प्रतिनिधि, स्पोर्टस एजुकेटर और भिलाई के पहले एएफसी के ए लाइसेंस्ड कोच राजशेखर मुराहरि ने बताया कि सभी प्रतिभागियों के प्रदर्शन का विश्लेषण वीडियो रिकार्डिंग के आधार पर किया जाएगा। उन्होंने बताया कि दो दिन के इस ट्रायल के लिए 200 से ज्यादा जूनियर खिलाड़ियों ने अपना पंजीयन करवाया है। यहां शनिवार की शाम अंडर-13 आयुवर्ग के खिलाड़ियों ने ट्रायल दिया। टाइगर-आईकेएफ सीजन-6 ट्रायल 3 मई को भी जारी रहेगा।
राजशेखर ने बताया कि यहां दो दिन के ट्रायल के बाद चुने गए खिलाड़ियों को रीजनल क्वालिफायर के लिए भेजा जाएगा। इसके लिए सभी आयु वर्ग के खिलाड़ियों के प्रदर्शन के वीडियो का गहनता से विश्लेषण किया जाएगा। उसके बाद सूची जारी होगी। उन्होंने कहा कि सीज़न 6 सिर्फ एक ट्रायल नहीं है बल्कि यह हर खिलाड़ी के लिए भविष्य का मार्ग प्रशस्त करेगा। जिसमें लेमन ब्रेक स्पोर्ट्स कल्याण-11 की ओर से फुटबॉल टूर्नामेंट होगा। वहीं 6 से 17 साल के फुटबॉलरों के लिए लेमन ब्रेक स्पोर्ट्स क्लायण-11 अकादमी की ओर से हाई परफार्मेंस ट्रेनिंग प्रोग्राम शुरू करने की तैयारी है, जो भिलाई में पूरे साल चलेगा।
