राष्ट्रवाणी: सैमसंग ने अपना नया ट्रैकर डिवाइस Galaxy SmartTag 3 पेश कर दिया है, जो ज्यादा कॉम्पैक्ट डिजाइन और लंबी बैटरी लाइफ के साथ आता है। सैमसंग Galaxy SmartTag 3 को लॉन्च किया गया है। टेक्नोलॉजी डेस्क, नई दिल्ली।
सैमसंग ने Galaxy SmartTag 3 का एलान कर दिया है। ये नया ट्रैकर डिवाइस कॉम्पैक्ट बनावट के साथ आता है और आईफोन मॉडल्स को भी सपोर्ट करता है। Galaxy SmartTag 3 को यूजर्स की रोजमर्रा की जरूरी चीजें- जैसे चाबियां, वॉलेट, लगेज और दूसरी कीमती सामान को सैमसंग के Galaxy Find Network और SmartThings Find एप के जरिए ट्रैक करने में मदद करने के लिए डिजाइन किया गया है।
दावा किया गया है कि सैमसंग Galaxy SmartTag 3 पावर सेविंग मोड में 790 दिनों तक की बैटरी लाइफ देता है। सैमसंग Galaxy SmartTag 3 की बिक्री 7 अक्टूबर से साउथ कोरिया में शुरू होगी, जिसके बाद इसे अमेरिका में लॉन्च किया जाएगा। सैमसंग ने कंफर्म किया है कि 2027 में इसे दूसरे मार्केट्स में भी ऑफर किया जाएगा ।
ये ब्लैक और व्हाइट कलर्स में उपलब्ध होगा। कंपनी ने अभी तक इस नए डिवाइस की कीमत का खुलासा नहीं किया है। सैमसंग Galaxy SmartTag 3 में एल्युमिनियम-फिनिश्ड बटन के साथ एक राउंडेड शेप दिया गया है।
इसे चाबियों, छोटे बैग्स, लगेज या पेट कॉलर से आसानी से अटैच किया जा सकता है। सैमसंग का दावा है कि ये नया मॉडल Galaxy SmartTag 2 की तुलना में साइज में 35 परसेंट छोटा और 33 परसेंट ज्यादा हल्का है। इस बार सैमसंग ने SmartTag 3 में iOS कम्पैटिबिलिटी भी जोड़ दी है, जिससे यूजर्स आईफोन के जरिए भी इस ट्रैकर को ढूंढ सकेंगे।
सैमसंग का आईफोन एप यूजर्स को उनका SmartTag 3 लोकेट करने की सुविधा देता है। ये Galaxy और iOS दोनों तरह के डिवाइसेज के लिए क्रॉस-OS कम्पैटिबिलिटी देने वाला पहला सैमसंग SmartTag डिवाइस है। Galaxy SmartTag 3 में डस्ट और वाटर रेजिस्टेंस के लिए IP67-रेटेड बिल्ड दिया गया है।
कनेक्टिविटी और लोकेशन ट्रैकिंग के लिए इसमें चैनल साउंडिंग के साथ Bluetooth 6.0 और अल्ट्रा-वाइडबैंड (UWB) मिलता है। ये Galaxy Find Network के साथ काम करता है, जिससे यूजर्स SmartThings Find प्लेटफॉर्म के जरिए फोन की रेंज से बाहर होने पर भी इसे लोकेट कर सकते हैं। सैमसंग के मुताबिक, Galaxy Find Network में 90 करोड़ (900 मिलियन) से ज्यादा सैमसंग डिवाइसेज जुड़े हुए हैं।
Galaxy SmartTag 3 में एक नया ‘Place Notification’ फीचर मिलता है, जो यूजर्स को एक स्पेसिफिक एरिया तय करने की सुविधा देता है और जैसे ही टैग किया गया सामान उस जगह से बाहर जाता है या अंदर आता है ये अलर्ट भेज देता है। इसका एक दूसरा फीचर ‘Location History’ है, जिससे यूजर्स अपने SmartTag से जुड़ी पुरानी लोकेशन्स को चेक कर सकते हैं।
वहीं ‘Movement Detection Alert’ फीचर से सामान में कोई हलचल होते ही यूजर्स को तुरंत नोटिफिकेशन मिल जाता है। Galaxy SmartTag 3 में NFC-बेस्ड ‘Lost Mode’ भी दिया गया है, जिसे किसी कम्पैटिबल मोबाइल डिवाइस से स्कैन करने पर रजिस्टर्ड कॉन्टैक्ट जानकारी या एक छोटा मैसेज स्क्रीन पर दिख जाता है।
ट्रैकर में दिए गए बटन का इस्तेमाल SmartThings IoT डिवाइसेज को कंट्रोल करने के लिए किया जा सकता है। इसमें एक ‘Left Behind Alert’ फीचर भी है, जो फोन और टैग किए गए सामान के बीच कनेक्शन टूटने पर यूजर को अलर्ट कर देता है। दावा किया गया है कि Galaxy SmartTag 3 सामान्य इस्तेमाल में 550 दिनों तक की बैटरी लाइफ देता है।
वहीं, सैमसंग का कहना है कि पावर सेविंग मोड ऑन करने पर इसकी बैटरी लाइफ 790 दिनों तक बढ़ जाती है।

