राष्ट्रवाणी: पॉपुलर कॉलर आइडेंटिफिकेशन प्लेटफॉर्म Truecaller ने भारत में अपने एप का एक नया और हल्का वर्जन Truecaller Lite आधिकारिक तौर पर लॉन्च कर दिया है। टेक्नोलॉजी डेस्क, नई दिल्ली। कॉलर आइडेंटिफिकेशन एप के एक हल्के वर्जन के तौर पर Truecaller Lite को मंगलवार को भारत में लॉन्च किया गया।
कंपनी के मुताबिक, इसे लिमिटेड स्टोरेज और कम मेमोरी वाले एंड्रॉयड स्मार्टफोन्स के लिए डिजाइन किया गया है। दावा है कि Truecaller Lite में मेन एप के सभी जरूरी फीचर्स मौजूद हैं। इसमें कॉलर ID, स्पैम और फ्रॉड कॉल ब्लॉकिंग, कॉल हिस्ट्री, कॉन्टैक्ट्स और नंबर सर्च शामिल हैं।
हालांकि, ये फोन में केवल 10MB के आसपास का स्टोरेज लेता है और 4GB तक रैम वाले डिवाइसेज पर भी बेहद आसानी से काम कर सकता है। कंपनी का कहना है कि Truecaller Lite एक अलग, नेटिव एंड्रॉइड एप है जिसे कम मेमोरी और प्रोसेसिंग पावर वाले स्मार्टफोन्स के लिए बिल्कुल शुरुआत से तैयार किया गया है।
इसे कम स्टोरेज, मेमोरी और मोबाइल डेटा की खपत करते हुए जरूरी कॉलिंग और स्पैम प्रोटेक्शन फीचर्स पर फोकस करने के लिए डिजाइन किया गया है। एक बयान में Truecaller के CEO ऋषित झुनझुनवाला ने कहा कि कंपनी ने इस ऐप को पुराने या एंट्री-लेवल एंड्रॉयड स्मार्टफोन्स वाले उन यूजर्स की रिक्वेस्ट के बाद तैयार किया है, जिनके पास या तो मेन एप के लिए जरूरी स्टोरेज नहीं था या फिर मेन एप उनके फोन में स्मूद तरीके से नहीं चल पाता था।
Truecaller के मुताबिक, इस कॉलर आइडेंटिफिकेशन एप के लाइट वर्जन को भी मेन एप वाले डेटाबेस और डिटेक्शन सिस्टम का ही एक्सेस मिलता है और ये उन्हीं प्राइवेसी स्टैंडर्ड्स को फॉलो करता है। कंपनी का ये भी दावा है कि स्पैम और फ्रॉड कॉल्स से मिलने वाला प्रोटेक्शन दोनों ही एप्स में बिल्कुल एक जैसा रहता है।
ऐसे में यूजर्स कॉल उठाने से पहले आने वाले कॉलर की पहचान कर सकते हैं और Truecaller Lite का इस्तेमाल करके अनचाहे कॉल्स को ब्लॉक कर सकते हैं। ये कॉल हिस्ट्री, कॉन्टैक्ट्स और नंबर सर्च को भी एक ही जगह पर ले आता है। मेन एप की तरह ही ये एप भी एक आफ्टर-कॉल स्क्रीन देता है, जो यूजर्स को दिखाती है कि उन्होंने अभी किससे बात की है।
ये इनकमिंग और आउटगोइंग दोनों तरह के कॉल्स के लिए काम करता है। हालांकि कंपनी ने ये भी साफ किया है कि Truecaller के कुछ ऐसे फीचर्स हैं जो Truecaller Lite पर उपलब्ध नहीं हैं। इनमें मैसेजिंग, वॉयसमेल, फैमिली प्रोटेक्शन और एआई असिस्टेंट शामिल हैं।
कंपनी के मुताबिक, ये जानबूझकर उठाया गया कदम है ताकि एप का साइज छोटा और इसकी स्पीड तेज बनी रहे। Truecaller Lite अब गूगल Play स्टोर के जरिए डाउनलोड करने के लिए उपलब्ध है।
