राष्ट्रवाणी (बिलासपुर ब्यूरो): प्रतिनिधि, बिलासपुर: रतनपुर के दर्रीपारा दुलहरी तालाब पार स्थित शिव मंदिर के पास से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के बाद विवाद सामने आया है। नगर पालिका रतनपुर की उपाध्यक्ष एवं वार्ड पार्षद बीनू निराला ने मोहल्ले के चार लोगों पर घर के पास गली में आकर अश्लील गाली-गलौज करने और जान से मारने की धमकी देने का गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि है।
घटना के बाद उन्होंने अपने परिवार के भयभीत होने की बात कही है। रतनपुर के दर्रीपारा वार्ड क्रमांक 11 निवासी बीनू निराला (32) नगर पालिका की उपाध्यक्ष हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि मोहल्ले के रीना बाई, कीर्तन बाई, नीतीश कुमार और श्रवण कुमार ने दुलहरी तालाब पार स्थित शिव मंदिर के पास अवैध मकान का निर्माण कराया था।
नगर पालिका रतनपुर ने गुरुवार की दोपहर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की थी। बीनू निराला का आरोप है कि इसी कार्रवाई से नाराज होकर चारों लोग शुक्रवार की सुबह करीब आठ बजे उनके घर के पास गली में पहुंचे। वहां उन्होंने मकान में तोड़फोड़ कराने की बात कहते हुए उनके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी।
बीनू ने जब इसका विरोध किया तो उन्हें जान से मारने की धमकी दी गई। पार्षद ने बताया कि इस घटना के बाद वह और उनका परिवार भयभीत हैं। शिकायत पर पुलिस ने जुर्म दर्ज कर मामले को जांच में लिया है।

