कोलकाता. कलकत्ता उच्च न्यायालय में सोमवार को जनहित याचिका दायर करके एक विधि छात्रा के साथ उसके महाविद्यालय में एक पूर्व छात्र और दो अन्य छात्रों द्वारा कथित रूप से किये गये सामूहिक बलात्कार की सीबीआई जांच कराए जाने का अनुरोध किया गया है.

याचिकाकर्ता ने अनुरोध किया है कि कथित पीड़िता द्वारा की गई शिकायत के आधार पर केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) को इस घटना की प्रारंभिक जांच करने और अदालत के समक्ष एक अंतरिम रिपोर्ट प्रस्तुत करने का निर्देश दिया जाए. याचिकाकर्ता ने जनहित याचिका (पीआईएल) में दावा किया कि मुख्य आरोपी मनोजीत मिश्रा के राज्य में सत्तारूढ़ पार्टी से करीबी संबंध हैं, इसलिए कथित सामूहिक बलात्कार मामले की निष्पक्ष जांच के लिए इसे कोलकाता पुलिस से लेकर केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) को स्थानांतरित किया जाए.

जनहित याचिका में कहा गया कि मिश्रा ‘साउथ कोलकाता लॉ कॉलेज’ का पूर्व छात्र है और उसके रोजमर्रा के कामकाज में उसका बहुत प्रभाव है. याचिकाकर्ता ने उच्च न्यायालय से यह भी अनुरोध किया है कि वह राज्य के अधिकारियों को पीड़िता और उसके परिवार के सदस्यों को मुआवज.ा देने का निर्देश दे. याचिकाकर्ता ने पश्चिम बंगाल में छात्राओं की सुरक्षा के लिए सरकारी शिक्षण संस्थानों में महिला नागरिक स्वयंसेवकों की नियुक्ति के लिए आदेश देने का अनुरोध किया.

इससे पहले, दिन में न्यायमूर्ति सौमेन सेन की अध्यक्षता वाली पीठ ने तीन वकीलों को विधि छात्रा के साथ उसके महाविद्यालय में कथित सामूहिक बलात्कार के मामले में अलग-अलग जनहित याचिकाएं दायर करने की अनुमति दी थी. मामले की जांच सीबीआई को सौंपने का अनुरोध करने वाली याचिका बाद में विजय कुमार सिंघल द्वारा दायर की गयी. अन्य याचिकाकर्ता अदालत की निगरानी में जांच और पश्चिम बंगाल के महाविद्यालयों में सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए कदम उठाने का अनुरोध कर रहे थे.

न्यायमूर्ति सेन की अध्यक्षता वाली पीठ का ध्यान आर्किषत करते हुए तीन वकीलों ने विधि छात्रा से कथित सामूहिक बलात्कार के मामले में अलग-अलग जनहित याचिकाएं दायर करने की अनुमति मांगी थी. अदालत में याचिका दायर करने वाले वकीलों में से एक ने बताया कि मामलों की सुनवाई इस सप्ताह के अंत में होने की संभावना है. पीड़िता ने आरोप लगाया है कि 25 जून को ‘साउथ कोलकाता लॉ कॉलेज’ में उसके साथ सामूहिक बलात्कार किया गया.

कथित सामूहिक बलात्कार पीड़िता की शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुख्य आरोपी कॉलेज के पूर्व छात्र मनोजीत मिश्रा के साथ-साथ छात्र प्रोमित मुखर्जी और जैद अहमद को गिरफ्तार किया है. पुलिस के अनुसार, शनिवार सुबह कॉलेज के एक सुरक्षा गार्ड को भी गिरफ्तार किया गया. कोलकाता पुलिस ने मामले की जांच के लिए एक सहायक आयुक्त रैंक के अधिकारी के नेतृत्व में विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया है.

राष्ट्रवाणी एक डिजिटल समाचार एवं जनचर्चा मंच है, जिसका उद्देश्य विश्वसनीय पत्रकारिता, सार्थक राष्ट्रीय विमर्श और जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रभावशाली तरीके से समाज के सामने प्रस्तुत करना है।

हम मानते हैं कि पत्रकारिता केवल समाचार देने का माध्यम नहीं, बल्कि समाज को जागरूक करने, लोकतांत्रिक संवाद को मजबूत बनाने और राष्ट्र निर्माण की दिशा में सकारात्मक सोच विकसित करने का दायित्व भी है। “राष्ट्र प्रथम” की भावना के साथ राष्ट्रवाणी देश, समाज, शासन, अर्थव्यवस्था, कृषि, तकनीक, संस्कृति और जनसरोकारों से जुड़े विषयों को गहराई और तथ्यात्मक दृष्टिकोण के साथ प्रस्तुत करता है।

संपादक : नीरज दीवान

मोबाइल नंबर : 7024799009

© 2026 ThemeSphere. Designed by ThemeSphere.
Exit mobile version