राष्ट्रवाणी: प्रतिनिधि, भिलाई। साइबर ठगी की रकम को इधर-उधर ट्रांसफर करने के लिए अपने बैंक खातों का इस्तेमाल कराने वाले म्यूल खाताधारकों के खिलाफ दुर्ग पुलिस ने कार्रवाई की है। थाना सुपेला, थाना भिलाई नगर और एसीसीयू की संयुक्त टीम ने 13 आरोपितों को गिरफ्तार किया है। जांच में इनके बैंक खातों से 10 लाख रुपये से अधिक के संदिग्ध लेन-देन का पता चला है। पुलिस के अनुसार साइबर अपराधियों तक ठगी की रकम पहुंचाने और उसे अलग-अलग खातों में ट्रांसफर करके रकम के वास्तविक स्रोत को छिपाने के लिए इन खातों का इस्तेमाल किया जा रहा था। आरोपितों पर दो हजार से 15 हजार रुपये तक कमीशन के लालच में अपने बैंक खाते उपलब्ध कराने का आरोप है। जांच में सामने आया कि आरोपितों ने बैंक खातों के साथ उनकी पासबुक, एटीएम कार्ड, चेकबुक और सिम कार्ड भी अन्य लोगों को उपलब्ध कराए थे। गिरफ्तार खाताधारकों में 10 सुपेला और तीन भिलाई नगर क्षेत्र के हैं। सुपेला पुलिस ने अनिरुद्ध बेसरा (26), डिकेश साहू उर्फ गोल्डी (23), संदीप खन्ना (24), दिलबाग सिंह (30), शिव कुमार (32), सुमीत कुमार (26), रेहान कुरैशी (20), ललीत कुमार (24), भोज कुमार देवांगन (24) और धनेश्वर यादव (21) के खिलाफ धारा 318(2), 318(3), 318(4) के तहत कार्रवाई की है। वहीं भिलाई नगर पुलिस ने अमित कुमार (43), गोपी सोनी (21) और प्रीति उपाध्याय के खिलाफ भी इन्हीं धाराओं के तहत कार्रवाई की है। जांच के दौरान थाना सुपेला क्षेत्र में बंधन बैंक से संबंधित 10 खाताधारकों के खातों का इस्तेमाल साइबर ठगी की रकम के लेन-देन में होने की जानकारी मिली। वहीं थाना भिलाई नगर क्षेत्र में पंजाब नेशनल बैंक से जुड़े तीन खातों के इस्तेमाल का पता चला। पुलिस के मुताबिक म्यूल अकाउंट के जरिए साइबर ठगी की रकम पहले इन खातों में मंगाई जाती थी। इसके बाद उसे दूसरे बैंक खातों में ट्रांसफर कर दिया जाता था। इस प्रक्रिया का उद्देश्य ठगी की रकम के वास्तविक स्रोत को छिपाना था। जांच में यह भी सामने आया कि एजेंटों के माध्यम से बैंक खातों से जुड़े दस्तावेज और बैंकिंग साधन साइबर अपराधियों तक पहुंचाए जाते थे। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।

राष्ट्रवाणी एक डिजिटल समाचार एवं जनचर्चा मंच है, जिसका उद्देश्य विश्वसनीय पत्रकारिता, सार्थक राष्ट्रीय विमर्श और जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रभावशाली तरीके से समाज के सामने प्रस्तुत करना है।

हम मानते हैं कि पत्रकारिता केवल समाचार देने का माध्यम नहीं, बल्कि समाज को जागरूक करने, लोकतांत्रिक संवाद को मजबूत बनाने और राष्ट्र निर्माण की दिशा में सकारात्मक सोच विकसित करने का दायित्व भी है। “राष्ट्र प्रथम” की भावना के साथ राष्ट्रवाणी देश, समाज, शासन, अर्थव्यवस्था, कृषि, तकनीक, संस्कृति और जनसरोकारों से जुड़े विषयों को गहराई और तथ्यात्मक दृष्टिकोण के साथ प्रस्तुत करता है।

संपादक : नीरज दीवान

मोबाइल नंबर : 7024799009

© 2026 ThemeSphere. Designed by ThemeSphere.
Exit mobile version