राष्ट्रवाणी (रायपुर ब्यूरो): राज्य ब्यूरो, , रायपुर। प्रदेश में 2028 के विधानसभा चुनाव में भले ही अभी दो साल से अधिक का समय है, लेकिन आदिवासी बहुल 29 सीटों पर कब्जे की सियासी तैयारी अभी से शुरू हो गई है। वर्ष 2018 के चुनाव में बदले राजनीतिक समीकरण को अपने पक्ष में बनाए रखने के लिए भाजपा ने संगठनात्मक सक्रियता बढ़ा दी है, वहीं खोया जनाधार वापस पाने कांग्रेस भी आदिवासी अंचलों में अपनी पकड़ मजबूत करने में जुट गई है।
भाजपा 15 नवंबर को जनजातीय गौरव दिवस के बहाने धरमजयगढ़ में शक्ति प्रदर्शन करेगी। इस कार्यक्रम में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन शामिल होंगे। इसे आदिवासी समाज के बीच सरकार और संगठन की पहुंच मजबूत करने की रणनीति के तौर पर देखा जा रहा है।
दूसरी ओर, कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी सुखदेव भगत 16 नवंबर से तीन दिवसीय सरगुजा संभाग के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे विभिन्न जिलों में चौपाल लगाकर आदिवासी समाज के लोगों से सीधा संवाद करेंगे। इससे पहले वे सात से नौ अक्टूबर तक बस्तर संभाग का दौरा कर चुके हैं।
सरगुजा और बस्तर संभाग की राजनीति प्रदेश की सत्ता की दिशा तय करने में निर्णायक भूमिका निभाती रही है। साल 2018 के विधानसभा चुनाव में आदिवासी बहुल सीटों पर कांग्रेस का दबदबा था, लेकिन 2023 में सरगुजा से बस्तर तक चुनावी तस्वीर बदल गई। 2018 में कांग्रेस ने 29 आदिवासी बहुल सीटों में से 25 पर कब्जा किया था जबकि भाजपा को केवल तीन सीटें मिली थीं।
वर्ष 2023 में भाजपा ने 17 सीटें जीतीं लेकिन कांग्रेस 11 सीटों पर सिमट गई। अब भाजपा इस जनादेश को ना सिर्फ 2028 में भी बरकरार रखने बल्कि आदिवासी अंचलों में सीटों की संख्या में इजाफा करने को लेकर संगठनात्मक पहुंच बढ़ाने पर जोर लगा दिया है। जनजातीय गौरव दिवस के आयोजन को इसी राजनीतिक सक्रियता से जोड़कर देखा जा रहा है।
वहीं, कांग्रेस के सामने 2018 जैसा जनाधार वापस पाने की चुनौती है। प्रदेश प्रभारी का बस्तर के बाद सरगुजा दौरा इसी रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है। चौपाल के जरिए स्थानीय मुद्दों, आदिवासी समाज की अपेक्षाओं और कार्यकर्ताओं की नाराजगी को समझने के साथ बूथ स्तर पर संगठन को सक्रिय करने की कवायद होगी।
इससे स्पष्ट है कि 2028 के चुनाव से पहले ही आदिवासी बहुल 29 सीटों पर भाजपा और कांग्रेस के बीच सियासी मुकाबले की जमीन तैयार होने लगी है। सीएम के क्षेत्र में कांग्रेस की जनचौपाल कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी सुखदेव भगत 16 नवंबर को जशपुर से दौरे की शुरुआत करेंगे। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के विधानसभा क्षेत्र जशपुर, बालाछापर, पतराटोली, कुनकुरी और कांसाबेल में बूथ स्तरीय जनचौपाल लगाएंगे।
कुनकुरी में कैथोलिक चर्च के बिशप से भेंट और हनुमान टेकरी मंदिर में दर्शन का कार्यक्रम है। 17 नवंबर को मैनपाट, उदयपुर और साल्ही में ग्रामीणों से संवाद करेंगे। 18 नवंबर को अंबिकापुर में संगठनात्मक बैठक के बाद बलरामपुर में जनचौपाल लगाएंगे।
