राष्ट्रवाणी: रोहित कश्यप, मुंगेली। मुंगेली जिले के नगर पंचायत जरहागांव निवासी सुरेन्द्र कश्यप पिछले लगभग 15 वर्षों से बिना किसी स्वार्थ के सर्पों का रेस्क्यू कर लोगों की जान बचाने का कार्य कर रहे हैं। पेशे से पार्षद एवं कबड्डी रेफरी सुरेन्द्र कश्यप भारतीय जनता पार्टी समर्थित जनप्रतिनिधि भी हैं। क्षेत्र में लोग उन्हें “सर्प मित्र” के नाम से जानते हैं। अब तक वे करीब 500 से अधिक जहरीले एवं गैर जहरीले सांपों का सफल रेस्क्यू कर उन्हें सुरक्षित प्राकृतिक स्थानों पर छोड़ चुके हैं। सुरेन्द्र बताते हैं कि उनके घर में पहले अक्सर सांप निकलते थे। शुरुआत में वे डरते थे, लेकिन धीरे-धीरे स्वयं सांपों को पकड़कर सुरक्षित बाहर छोड़ने लगे। इसी दौरान उनका भय समाप्त हो गया और उन्होंने इसे समाज सेवा का माध्यम बना लिया। उनका कहना है कि वे किसी आर्थिक लाभ के लिए नहीं बल्कि आत्मिक संतुष्टि के लिए यह कार्य करते हैं। सुरेन्द्र अब तक जरहागांव नगर सहित आसपास के गांवों, सैकड़ों घरों, स्कूलों, सरकारी विभागों एवं कार्यालयों में पहुंचकर सर्पों का सफल रेस्क्यू कर चुके हैं। सूचना मिलते ही वे तत्काल मौके पर पहुंचकर लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करते हैं और सांपों को बिना नुकसान पहुंचाए सुरक्षित स्थान पर छोड़ देते हैं। रेस्क्यू के दौरान सुरेन्द्र कई बार अत्यंत विषैले सांपों को भी पकड़ चुके हैं। बिना पर्याप्त सुरक्षा उपकरणों के इस प्रकार का कार्य करना बेहद जोखिम भरा होता है, फिर भी वे लोगों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए लगातार यह सेवा कर रहे हैं। सुरेन्द्र ने बताया कि धरमपुरा स्थित आंगनबाड़ी केंद्र में एक बार उन्होंने एक साथ इंडियन स्पेक्टेक्ड कोबरा (भारतीय चश्मे वाला नाग)जहरीले सांपों का रेस्क्यू किया था। यह घटना क्षेत्र की सबसे बड़ी सर्प रेस्क्यू घटनाओं में से एक मानी जाती है। समय रहते सांपों को सुरक्षित पकड़ लेने से बड़ी दुर्घटना टल गई। उन्होंने बताया कि जरहागांव हाई स्कूल में भी एक बार 7 इंडियन रॉक पाइथन (भारतीय अजगर)सांप के बच्चों का एक साथ रेस्क्यू किया गया था। स्कूल परिसर में बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए तत्काल कार्रवाई कर सभी सांपों को सुरक्षित जंगल में छोड़ा गया। सुरेन्द्र ने एक और महत्वपूर्ण घटना का उल्लेख करते हुए बताया कि एक महिला को इंडियन स्पेक्टेक्ड कोबरा (भारतीय चश्मे वाला नाग) सांप ने काट लिया था। उपचार के लिए उसे जिला अस्पताल ले जाया गया। वहां डॉक्टरों द्वारा परिजनों से यह पूछा जा रहा था कि किस प्रकार के सांप ने काटा है। ऐसे समय में सुरेन्द्र कश्यप उसी सांप को जिंदा रेस्क्यू कर सुरक्षित डिब्बे में जिला अस्पताल लेकर पहुंचे और डॉक्टरों को दिखाया कि इसी सांप ने महिला को काटा है। इससे डॉक्टरों को उचित इलाज करने में काफी सहायता मिली। इतने वर्षों से लगातार सर्प रेस्क्यू करने के बावजूद सुरेन्द्र कुमार के पास आज भी सर्प रेस्क्यू के आवश्यक सुरक्षा उपकरण (रेस्क्यू किट) उपलब्ध नहीं हैं। वे सीमित संसाधनों में अपनी जान जोखिम में डालकर यह कार्य कर रहे हैं। क्षेत्र के नागरिकों का कहना है कि सुरेन्द्र ने वर्षों से नि:स्वार्थ भाव से लोगों और वन्यजीवों की रक्षा की है। ऐसे में शासन एवं वन विभाग को उन्हें सर्प रेस्क्यू किट, सुरक्षा उपकरण, प्रशिक्षण एवं आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराना चाहिए, ताकि वे और अधिक सुरक्षित एवं प्रभावी ढंग से अपनी सेवाएं जारी रख सकें। सुरेन्द्र कश्यप ने एक और बड़ी उपलब्धि अपने नाम दर्ज की है। भारतीय कबड्डी महासंघ (AKFI) द्वारा हाल ही में झारखंड के बोकारो स्टील सिटी में आयोजित नेशनल अंपायर परीक्षा को सफलतापूर्वक उत्तीर्ण कर वे मुंगेली जिले के पहले नेशनल कबड्डी अंपायर बने हैं। यह परीक्षा अपनी कठिन चयन प्रक्रिया के लिए जानी जाती है। सुरेन्द्र की इस सफलता ने न केवल उनके व्यक्तिगत खेल जीवन में नया अध्याय जोड़ा है, बल्कि पूरे मुंगेली जिले का गौरव भी बढ़ाया है। उनकी इस उपलब्धि पर जिले के खेल पदाधिकारियों, खिलाड़ियों, खेलप्रेमियों एवं नगरवासियों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई एवं उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दी हैं। सुरेन्द्र कश्यप ने कहा कि “मैं पिछले लगभग 15 वर्षों से लोगों की सुरक्षा और सांपों के संरक्षण के उद्देश्य से सर्प रेस्क्यू कर रहा हूं। मेरा उद्देश्य किसी जीव की हत्या नहीं, बल्कि इंसानों और वन्यजीवों दोनों की रक्षा करना है। यह कार्य मैं केवल आत्मिक संतुष्टि के लिए करता हूं। यदि शासन द्वारा आवश्यक रेस्क्यू किट और सुरक्षा उपकरण उपलब्ध करा दिए जाएं, तो मैं और अधिक सुरक्षित तरीके से लोगों की सेवा कर सकूंगा।”
Trending
- 70s की वो गजल जिसने ली सिंगर और उनके बेटे की जान, लेखक ने कहा था मनहूस, क्यों सबने सुरीली गजल को बोला ‘शापित’? – राष्ट्रवाणी
- ठंडे बस्ते में नहीं गई Maatrubhumi, जल्द होगा Salman Khan का दीदार? रिलीज डेट को लेकर आई बड़ी अपडेट – राष्ट्रवाणी
- बीसीसीएल – भारतीय पीएसयू द्वारा राज्य स्तरीय कानूनी सेवा-सह-सशक्तिकरण शिविर और राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन
- 200 करोड़ की कमाई…दुनियाभर में जय-जयकार, फिर क्यों भारत की तरफ से Oscar में नहीं पहुंच पाई Hanuman Ansh? – राष्ट्रवाणी
- Asha Parekh के पीछे पड़ा था चीन का आशिक, ‘छुरी’ दिखाकर करता था ब्लैकमेल; 1 महीने तक घर के बाहर डाल रखा डेरा – राष्ट्रवाणी
- ठेठ भोजपुरी में Lata Mangeshkar ने गाया था ये ‘चुलबुला’ गाना, 63 साल से दिलों पर राज कर रहा है गीत – राष्ट्रवाणी
- छत्तीसगढ़ में यहां शुरू हुई नाश्ता योजना: स्कूली बच्चों को पोहा-फलीदाना, उपमा, दलिया, चना, खड़ा मूंग और मूंगफली का वितरण – राष्ट्रवाणी
- छत्तीसगढ़ में दरवाजा बना मौत: आत्मानंद स्कूल में एक पट्टी और कील के सहारे टिका क्विंटलों भारी गेट गिरा, मासूम की मौत – राष्ट्रवाणी
