राष्ट्रवाणी: जॉयअलुक्कास ने ‘मयूर सहस्र’ नाम की सोने की बालियों के साथ दो गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाए हैं, जो 16 किलोग्राम …और पढ़ें जॉयअलुक्कास ने सोने की बालियों के लिए दो गिनीज रिकॉर्ड बनाए ‘मयूर सहस्र’ बालियां 16 किलोग्राम से अधिक वजन की हैं ये 22 कैरेट सोने की बालियां दुबई में प्रदर्शित की जाएंगी बिजनेस डेस्क, नई दिल्ली।
भारतीय अरबपति जॉय अलुक्कास की ज्वेलरी चेन ‘जॉयअलुक्कास’ ने सोने की बालियों (झुमके) की एक जोड़ी के साथ दो गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड बना दिए हैं। 16 किलोग्राम से अधिक वजन वाली ये बालियां अब तक की सबसे भारी और सबसे बड़ी बालियां हैं। ‘मयूर सहस्र’ (यानी ‘एक हजार मोर’) नाम वाली इन बालियों को शनिवार को दुबई गोल्ड डिस्ट्रिक्ट में कंपनी के नए फ्लैगशिप स्टोर ‘ज्वेल ऑफ जॉय’ में लॉन्च किया गया।
इनकी लॉन्चिंग यूएई के इकोनॉमी एंड टूरिज्म मिनिस्टर अब्दुल्ला बिन तौक अल मर्री ने किया। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स के एक रेप्रेजेंटेटिव ने ग्रुप के चेयरमैन जॉय अलुक्कास और उनके बेटे, चीफ एग्जीक्यूटिव जॉन पॉल अलुक्कास को सबसे भारी और सबसे बड़ी सोने की बालियों के लिए सर्टिफिकेट सौंपे।
ये बालियां 22 कैरेट सोने से बनी हैं और इनमें कुल 16.514 किलोग्राम सोना लगा है। इनकी लंबाई 1.215 मीटर और डायमीटर 0.682 मीटर है। 55 कारीगरों ने कई महीनों तक 5,840 घंटे लगाकर इन्हें अपने हाथों से तैयार किया है।
इन बालियों का डिजाइन मोर पर आधारित है और ये दक्षिण एशियाई दुल्हन के गहनों में दिखने वाले ‘झुमके’ (घंटी के आकार के) स्टाइल में बनी हैं। बता दें कि गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स के अनुसार, 12 अक्टूबर को दुबई में इनके वजन को प्रमाणित किया गया था। हालांकि जॉयअलुक्कास ने बताया कि ये बालियां बिक्री के लिए नहीं हैं।
इन्हें ‘ज्वेल ऑफ जॉय’ में हमेशा के लिए लोगों के देखने के लिए रखा जाएगा। यह स्टोर रोजाना सुबह 10 बजे से रात 10 बजे तक खुला रहता है और यहाँ एंट्री फ्री है। कंपनी ने इन बालियों की कोई कीमत नहीं बताई है।
शनिवार को दुबई में 24 कैरेट सोने की खुदरा कीमत लगभग 481 दिरहम (131 डॉलर) प्रति ग्राम थी। इस हिसाब से, कारीगरी के खर्च को छोड़ दें, तो सिर्फ इनमें लगे सोने की कीमत ही लगभग 2 मिलियन डॉलर बैठती है, जो कि भारतीय करेंसी में करीब 19 करोड़ रुपये बनते हैं। यह लॉन्चिंग जॉयलुक्कास द्वारा ‘ज्वेल ऑफ जॉय’ (Jewel of Joy) नाम वाले 25,000 वर्ग फुट के शोरूम को खोलने के कुछ दिनों बाद की गयी है, जिसे कंपनी मध्य पूर्व का सबसे बड़ा ज्वेलरी स्टोर बताती है।
कंपनी दुबई और दक्षिण भारतीय राज्य केरल के त्रिशूर में स्थित यह समूह, 13 देशों में 200 से अधिक शोरूम चलाता है। अलुक्कास, जो अगले हफ्ते 70 साल के हो जाएंगे, त्रिशूर के एक जौहरी परिवार से आते हैं। उनके पिता, वर्गीस अलुक्कास ने वहां एक ही स्टोर से इस कारोबार की शुरुआत की थी, जिसे बाद में उन्होंने अपने बेटों के बीच बांट दिया।
जॉय अलुक्कास ने खाड़ी देशों से शुरुआत करते हुए कारोबार के विदेशी हिस्से की कमान संभाली और बाद में 2001 में ‘जॉय अलुक्कास ज्वेलरी’ की स्थापना की। उनकी कुल संपत्ति लगभग 5.4 अरब डॉलर आंकी गई है, जिससे वे भारत के सबसे अमीर लोगों की सूची में 52वें स्थान पर और केरल के कारोबारियों में तीसरे स्थान पर हैं।

