राष्ट्रवाणी: सत्या राजपूत, रायपुर। राजधानी रायपुर में भाजपा-कांग्रेस विवाद के बाद कांग्रेस के 12 नेताओं और कई कार्यकर्ताओं पर दर्ज गैर-जमानती धाराओं वाली प्राथमिकी (एफआईआर) के विरोध में खम्हारडीह थाने के सामने कांग्रेस का करीब 18 घंटे तक चला अनिश्चितकालीन धरना पुलिस के लिखित आश्वासन के बाद समाप्त हो गया। इस बीच पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भाजपा पर तीखा हमला बोला है। भूपेश बघेल ने कहा कि हमारे कांग्रेस कार्यालय का घेराव करने भाजपा के मंत्री, नेता और कार्यकर्ता गए थे। प्रदर्शन उन्होंने किया, घेराव उन्होंने किया और एफआईआर हमारे ऊपर दर्ज कर दी गई। इसलिए हमारे प्रदेश अध्यक्ष को थाने में धरना देना पड़ा। तब जाकर भाजपाइयों पर भी एफआईआर दर्ज करने का आश्वासन मिला है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के उस बयान पर, जिसमें उन्होंने कहा था कि कश्मीर के पत्थरबाजों की तरह कांग्रेसी पत्थरबाजी कर रहे हैं, इस पर भूपेश बघेल ने पलटवार करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ में कानून-व्यवस्था के जो हालात हैं, वे किसी से छिपे नहीं हैं। ये कश्मीर की बात कर रहे हैं, इन्हें छत्तीसगढ़ की बात करनी चाहिए। आप सरकार में हैं, आप जो चाहे वह बोल सकते हैं। उन्होंने आगे कहा कि मुख्यमंत्री अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन ठीक से नहीं कर पा रहे हैं। इसके साथ ही भूपेश बघेल ने नीट पेपर लीक मामले में कहा कि शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग कर रहे छात्रों की पिटाई की जा रही है। हमारे सांसद राज्यसभा और लोकसभा में इस मुद्दे को उठा रहे हैं। राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री आवास का घेराव किया। इस मामले में पूरा देश आंदोलनरत है और सरकार की हठधर्मिता के कारण छात्रों का भविष्य अंधकार में चला गया है। भूपेश बघेल ने कहा कि हमारी मांग है कि शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा दें। जिन छात्रों ने आत्महत्या की है, उनके परिजनों को मुआवजा दिया जाए। साथ ही लाठीचार्ज करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों पर भी कार्रवाई होनी चाहिए।

राष्ट्रवाणी एक डिजिटल समाचार एवं जनचर्चा मंच है, जिसका उद्देश्य विश्वसनीय पत्रकारिता, सार्थक राष्ट्रीय विमर्श और जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रभावशाली तरीके से समाज के सामने प्रस्तुत करना है।

हम मानते हैं कि पत्रकारिता केवल समाचार देने का माध्यम नहीं, बल्कि समाज को जागरूक करने, लोकतांत्रिक संवाद को मजबूत बनाने और राष्ट्र निर्माण की दिशा में सकारात्मक सोच विकसित करने का दायित्व भी है। “राष्ट्र प्रथम” की भावना के साथ राष्ट्रवाणी देश, समाज, शासन, अर्थव्यवस्था, कृषि, तकनीक, संस्कृति और जनसरोकारों से जुड़े विषयों को गहराई और तथ्यात्मक दृष्टिकोण के साथ प्रस्तुत करता है।

संपादक : नीरज दीवान

मोबाइल नंबर : 7024799009

© 2026 ThemeSphere. Designed by ThemeSphere.
Exit mobile version