राष्ट्रवाणी: प्रतिनिधि, कोरबा: राष्ट्रीय राजमार्ग-130 पर चैतमा के पास तेज रफ्तार बाइक और कार की आमने-सामने हुई भिड़ंत में तीन युवकों की मौत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, जबकि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। बाइक सवार दो युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल तीसरे युवक की उपचार के दौरान मौत हो गई। कार में सवार मां-बेटा और चालक को भी चोटें आई हैं। घटना पाली थाना क्षेत्र के ग्राम चैतमा स्थित डिस्पोजल फैक्ट्री के पास की है। जानकारी के अनुसार रायपुर से किराए पर ली गई कार क्रमांक सीजी 04 क्यूएम 7472 में बैकुंठपुर निवासी मां-बेटा और चालक उपचार कराने के बाद वापस लौट रहे थे। इसी दौरान राष्ट्रीय राजमार्ग पर सामने से आ रही बाइक से कार की टक्कर हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बाइक की गति काफी तेज थी और वह गलत दिशा से आ रही थी। अचानक सामने आए वाहन से कार की सीधी भिड़ंत हो गई। बाइक पर जनपद पंचायत पाली क्षेत्र के ग्राम पंचायत सगुना निवासी दीपक कंवर पिता आनंद सिंह, नागेश सिंह पैकरा पिता नेतराम और भुजबल चौहान पिता छतराम सवार थे। तीनों की उम्र करीब 20 से 22 वर्ष बताई गई है। हादसे में दीपक और नागेश की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि भुजबल गंभीर रूप से घायल हो गया। चैतमा पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कटघोरा पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल भुजबल को जिला मेडिकल कालेज अस्पताल रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान उसने भी दम तोड़ दिया। खरीदारी के लिए चैतमा आ रहे थे युवक बताया गया कि बाइक सवार तीनों युवक चैतमा बाजार में खरीदारी के लिए आ रहे थे। इसी दौरान उनकी बाइक सामने से आ रही कार से भिड़ गई। घटना के बाद मार्ग पर अफरा-तफरी मच गई। पुलिस और स्थानीय लोगों ने घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया। कार सवार महिला के पैर में चोट आई है, जबकि उसका बेटा और चालक भी घायल हुए हैं। कार में उपचार के बाद लौट रहे थे मां-बेटा हमारे चैतमा प्रतिनिधि दिलेश्वर आदिले ने बताया कि कार में बैकुंठपुर निवासी मां-बेटा और चालक सवार थे। दोनों उपचार कराने के बाद किराए की कार से वापस बैकुंठपुर लौट रहे थे। रास्ते में चैतमा के पास हादसा हो गया। कार के अगले हिस्से की स्थिति देखकर टक्कर की तीव्रता का अंदाजा लगाया जा सकता है। चैतमा क्षेत्र से गुजरने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग पर लगातार हादसे चिंता बढ़ा रहे हैं। प्रशासन और पुलिस ने दुर्घटना संभावित स्थलों को चिह्नित कर सुधार कार्य भी कराए हैं, लेकिन तेज रफ्तार पर प्रभावी अंकुश नहीं लग पा रहा है। पुलिस की समझाइश और यातायात नियमों के प्रति जागरूकता अभियान के बावजूद चालक गति कम नहीं कर रहे हैं। यही लापरवाही कई बार वाहन से नियंत्रण हटने और गंभीर हादसे का कारण बन रही है। थाना प्रभारी अफसर खान ने बताया कि हादसे में बाइक सवार तीनों युवकों की मौत हुई है। दोनों वाहनों को जब्त कर लिया गया है और मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
Trending
- तंबाकू पर शिकंजा कसने की तैयारी, कोटपा के अमल से बनेगा तंबाकू मुक्त छत्तीसगढ़
- तिरंगा यात्रा दूसरा दिन : माँ दंतेश्वरी की पूजा-अर्चना कर उप मुख्यमंत्री एवं वन मंत्री ने किया यात्रा का शुभारंभ
- मुख्य सचिव विकासशील की अध्यक्षता में राज्य स्तरीय बैंकर्स समिति की बैठक संपन्न
- ऑस्ट्रेलिया का गुरूर टूटा, डार्विन टेस्ट में बांग्लादेश का कोहराम!
- छत्तीसगढ़ के स्टील का प्रदेश में ही हो अधिकतम मूल्य संवर्धन: डाउनस्ट्रीम और स्पेशियलिटी उत्पादों के निर्माण पर दें जोर – CM साय
- रोहित शर्मा पर मैथ्यू हेडन का तीखा वार – ‘हमेशा के लिए नहीं खेल सकते!’
- 14 अगस्त को YouTube पर रिलीज होगी छत्तीसगढ़ी मल्टीस्टारर फिल्म ‘तहि बनबे मोर दुल्हनियां’
- हर घर तिरंगा अभियान के तहत BSF ने निकाली तिरंगा रैली, किया वृक्षारोपण
