राष्ट्रवाणी (रायपुर ब्यूरो): प्रतिनिधि, रायपुर : राजधानी में साइबर ठगों ने मोबाइल गुम होने के बाद बुजुर्ग के बैंक खाते से अज्ञात व्यक्ति ने करीब तीन लाख रुपये पार कर दिए। आरोपित ने 26 से 28 अक्टूबर के बीच तीन अलग-अलग ट्रांजेक्शन के जरिये यूको बैंक के खाते से कुल 2,99,998 रुपये यूपीआइ के माध्यम से दूसरे खातों में ट्रांसफर कर लिए।
पीड़ित को इसकी जानकारी तब हुई, जब 30 अक्टूबर को बैंक खाते में केवल 10 हजार रुपये शेष होने का मैसेज मोबाइल पर आया। इसके बाद उन्होंने बैंक से खाते का स्टेटमेंट निकलवाया तो धोखाधड़ी का पता चला। डीडी नगर थाना पुलिस ने शिकायत पर अज्ञात आरोपित के खिलाफ धोखाधड़ी और आइटी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार, डंगनिया स्थित बम्लेश्वरी मंदिर के पास साई मंदिर रोड निवासी 70 वर्षीय राजेश खरे सीएसईबी के सेवानिवृत्त कर्मचारी हैं। उनका यूको बैंक की फाफाडीह मुख्य शाखा में खाता है। उन्होंने पुलिस को बताया कि 23 अक्टूबर को शुक्रवारी बाजार में उनका मोबाइल कहीं गुम हो गया था।
इसके बाद उन्होंने आजाद चौक थाने में मोबाइल गुम होने की रिपोर्ट दर्ज कराई और उसी नंबर का दूसरा सिम कार्ड ले लिया। पीड़ित के अनुसार मोबाइल गुम होने के बाद 26, 27 और 28 अक्टूबर को उनके बैंक खाते से यूपीआइ के जरिये तीन अलग-अलग ट्रांजेक्शन किए गए। इन तीनों ट्रांजेक्शन में कुल 2,99,998 रुपये निकाल लिए गए।
इस दौरान उन्हें बैंक से ट्रांजेक्शन का कोई मैसेज नहीं मिला। 30 अक्टूबर को मोबाइल नंबर पर खाते में 10 हजार रुपये शेष होने का संदेश आया तो उन्हें संदेह हुआ। इसके बाद बैंक जाकर स्टेटमेंट निकलवाने पर तीनों तारीखों में रकम ट्रांसफर होने की जानकारी सामने आई।

