राष्ट्रवाणी (बीजापुर ब्यूरो): न्यूज, बीजापुर। छत्तीसगढ़ के सीमावर्ती तिमेड जांच नाके पर राजस्व विभाग की टीम ने धान से लदे दो ट्रकों को पकड़ा है। दोनों वाहनों में कुल 556.30 क्विंटल धान लोड था।
जांच के दौरान चालक अंतरराज्यीय अभिवहन अनुमति और जीएसटी से संबंधित दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद टीम ने दोनों ट्रकों सहित धान जब्त कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, तेलंगाना के करीमनगर जिले के नागमपेट से निकले दोनों ट्रक सुबह करीब चार बजे तिमेड जांच नाके से गुजर रहे थे।
इसी दौरान जांच में जुटी टीम ने वाहन क्रमांक टीएस 08 यूएफ 8882 और टीएस 07 यूडी 0488 को रोककर दस्तावेजों की जांच की। पहले ट्रक के चालक कृष्णा गुबरे और दूसरे ट्रक के चालक प्रमोद से धान परिवहन की अनुमति मांगी गई। पूछताछ में चालकों ने बताया कि दोनों ट्रकों में क्रमशः 278.30 और 278 क्विंटल धान लोड है।
यह धान नागमपेट के किसानों से एकत्रित कर ओडिशा के बरगढ़ जिले के अट्टाबीरा स्थित मंगलपूर्ति सीड्स ले जाया जा रहा था। हालांकि, जांच के दौरान चालक परिवहन संबंधी आवश्यक दस्तावेज नहीं दिखा सके। दस्तावेजों के अभाव में राजस्व विभाग की टीम ने दोनों वाहनों के विरुद्ध प्रकरण तैयार किया।
धान का जब्ती पंचनामा बनाकर आगे की कार्रवाई के लिए संबंधित अधिकारियों को सौंप दिया गया। धान खरीदी के सीजन को देखते हुए सीमावर्ती क्षेत्रों में धान के अंतरराज्यीय परिवहन पर निगरानी बढ़ाई गई है। तिमेड जांच नाका छत्तीसगढ़ और तेलंगाना की सीमा पर स्थित होने के कारण यहां से गुजरने वाले धान लदे वाहनों की जांच की जा रही है।
इस कार्रवाई के दौरान तहसीलदार लक्ष्मण राठिया, पटवारी देवेंद्र संघर्ती, बीट गार्ड हरीश मांझी और राजेश गटपल्ली मौजूद रहे।

