नयी दिल्ली. हरमनप्रीत कौर की कप्तानी वाली विश्व कप विजेता भारतीय महिला क्रिकेट टीम बुधवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मिलने मंगलवार की शाम यहां पहुंच गई . भारत ने रविवार को नवी मुंबई में फाइनल में दक्षिण अफ्रीका को 52 रन से हराकर पहली बार विश्व कप जीता . ताज पैलेस होटल पहुंचने पर खिलाड़ियों और सहयोगी स्टाफ पर गुलाब की पंखुड़ियां बरसाई गई . जेमिमा रौड्रिग्स, राधा यादव और स्नेह राणा होटल के भीतर ढोल की थाप पर थिरकती दिखीं .
इससे पहले मुख्य कोच अमोल मजूमदार के साथ टीम के सदस्यों का मुंबई हवाई अड्डे पर गर्मजोशी से स्वागत किया गया .
दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर निजी और चार्टर्ड विमानों के लिये बनाये गए विशेष विमानन र्टिमनल (जीए) पर केवल पत्रकारों का एक समूह मौजूद था क्योंकि सुरक्षा प्रोटोकॉल के कारण आम जनता को प्रवेश की अनुमति नहीं थी .
स्टार एयर की विशेष चार्टर्ड उड़ान (एस5 8328) से टीम मुंबई से दिल्ली पहुंची .
बेंगलुरू स्थित इस एयरलाइन ने महिला विश्व कप के दौरान प्रतिभागी टीमों के लिये कई चार्टर्ड उड़ानें संचालित की थी . विश्व कप में ऐतिहासिक खिताबी जीत के बाद यहां पहुंची भारतीय टीम की सुरक्षा के चाक चौबंद उपाय किये गए हैं . पुलिस र्किमयों ने टीम बस और आसपास के मार्गों पर जांच की तथा किसी भी संभावित खतरे की पहचान करने के लिए कुत्तों से सूंघकर परीक्षण करवाया.
दिल्ली पहुंचने के बाद टीम होटल रवाना हो गई . कल शाम को प्रधानमंत्री मोदी से मिलने के बाद वे अपने अपने शहर चले जायेंगे . शेफाली वर्मा लौटेंगी जिन्हें नगालैंड में अंतर जोन टी20 टूर्नामेंट में उत्तरी क्षेत्र की टीम की कमान संभालनी है . प्रधानमंत्री मोदी विश्व कप विजेता भारतीय टीम को सम्मानित करेंगे . यह समारोह उनके आधिकारिक निवास पर आयोजित किया जायेगा .

