कोलकाता. बांग्लादेश में एक हिंदू व्यक्ति की हुयी बर्बर हत्या के विरोध में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता सुभेंदु अधिकारी ने पार्टी नेताओं एवं समर्थकों के साथ सोमवार को यहां बांग्लादेशी उप उच्चायोग के समक्ष विरोध प्रदर्शन किया. अधिकारी ने निजाम पैलेस से बेकबागन तक रैली का नेतृत्व किया, जहां लगभग 2,000 लोग एकत्र हुए तथा पड़ोसी देश में हुई हत्या की बर्बर घटना की निंदा की और प्रदर्शन किया. बांग्लादेश के मयमनसिंह में 18 दिसंबर की रात दीपू दास की पीटकर हत्या कर दी गयी और फिर शव को आग के हवाले कर दिया गया था.
उन्होंने कहा, ”हम दास की हत्या में संलिप्त सभी लोगों के लिए कड़ी सजा चाहते हैं. हम चाहते हैं कि बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रहे अत्याचार और हमले तुरंत बंद हों.” अधिकारी ने कहा, ”बांग्लादेश में अगर हिंदुओं पर हमले बंद नहीं हुए, तो हम 26 दिसंबर को 10,000 लोगों के साथ बांग्लादेशी उप उच्चायोग पर फिर से आएंगे.” भाजपा नेता ने कहा, ”इस हत्या के विरोध में 24 दिसंबर को हिंदू संगठन पूरे प्रदेश में कुछ समय के लिये सड़क जाम करेंगे.” प्रदर्शनकारियों ने बांग्लादेश की अंतरिम सरकार के प्रमुख मोहम्मद युनूस का पुतला भी फूंका. इससे पहले दिन में, पश्चिम बंगाल प्रदेश कांग्रेस कमेटी के नेताओं एवं पार्टी कार्यकर्ताओं ने यहां बांग्लादेश उप उच्चायोग कार्यालय के निकट धरना दिया.

