राष्ट्रवाणी: अमित पाण्डेय, खैरागढ़। भारतीय शास्त्रीय संगीत के क्षेत्र में खैरागढ़ के लिए गौरव का क्षण आया है। राजकुमारी इन्दिरा सिंह कला संगीत विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. लवली शर्मा को दिल्ली आकाशवाणी ने सितार वादन में उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए प्रतिष्ठित ‘टॉप ग्रेड आर्टिस्ट’ का दर्जा प्रदान किया है। यह सम्मान उन्हें भारतीय शास्त्रीय संगीत की दशकों लंबी साधना, शोध और कला के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए दिया गया है। इस उपलब्धि के साथ ही प्रो. लवली शर्मा आगरा की पहली कलाकार बन गई हैं, जिन्हें आकाशवाणी का यह सर्वोच्च सम्मान प्राप्त हुआ है। उनकी इस उपलब्धि पर विश्वविद्यालय परिवार, कला जगत और संगीत प्रेमियों ने खुशी जताते हुए उन्हें बधाई दी है। प्रो. लवली शर्मा भारतीय शास्त्रीय संगीत की जानी-मानी सितार वादक हैं। वह सितार विषय में डी.लिट. की उपाधि प्राप्त करने वाली पहली महिला वादिका भी हैं। संगीत शिक्षा, शोध और भारतीय कला परंपराओं के संरक्षण एवं संवर्धन में उनका योगदान लंबे समय से राष्ट्रीय स्तर पर सराहा जाता रहा है। राजा मानसिंह तोमर संगीत एवं कला विश्वविद्यालय, ग्वालियर की कुलपति रहते हुए उन्होंने संगीत से जुड़े विषयों पर 13 से अधिक पुस्तकों का लेखन किया। इसके अलावा उन्होंने जेलों में बंदियों के पुनर्वास के लिए संगीत को माध्यम बनाया और म्यूजिक थेरेपी के जरिए मानसिक स्वास्थ्य के क्षेत्र में भी महत्वपूर्ण कार्य किया। खैरागढ़ विश्वविद्यालय की कुलपति का दायित्व संभालने के बाद प्रो. लवली शर्मा ने शिक्षा, शोध और सांस्कृतिक गतिविधियों को नई गति देने के लिए कई पहल कीं। उनके कार्यकाल में विश्वविद्यालय में शैक्षणिक गुणवत्ता बढ़ाने, शोध को प्रोत्साहन देने और अधोसंरचना विकास पर विशेष ध्यान दिया गया। उन्होंने राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के प्रभावी क्रियान्वयन, पारदर्शी पीएचडी प्रवेश प्रक्रिया, समय पर परीक्षा परिणाम जारी करने, राष्ट्रीय संस्थानों के साथ शैक्षणिक सहयोग बढ़ाने और विशेषज्ञ कलाकारों के प्रशिक्षण जैसी योजनाओं को आगे बढ़ाया। उनके नेतृत्व में विश्वविद्यालय को ‘ए ग्रेड’ की दिशा में आगे बढ़ाने के लिए कई महत्वपूर्ण कदम उठाए गए। वर्षों से बंद ऐतिहासिक राधा-कृष्ण मंदिर और राजमहल के प्रथम तल को फिर से जन उपयोग के लिए तैयार किया गया। प्रो. लवली शर्मा के कार्यकाल में तीन वर्ष बाद खैरागढ़ महोत्सव का सफल आयोजन हुआ। इसके अलावा ‘श्रुति मंडल’ की शुरुआत, राष्ट्रीय संगोष्ठियां, पुस्तक मेला, नाट्य महोत्सव, नि:शुल्क ग्रीष्मकालीन कला शिविर, जनजातीय गौरव कार्यक्रम और समाज से जुड़ी कई रचनात्मक गतिविधियों ने विश्वविद्यालय को नई पहचान दिलाई। विद्यार्थियों ने भी इस दौरान कई उपलब्धियां हासिल कीं। विश्वविद्यालय के चार विद्यार्थियों का चयन नई दिल्ली की ललित कला अकादमी की प्रतिष्ठित छात्रवृत्ति के लिए हुआ। सेंट्रल जोन युवा उत्सव में विश्वविद्यालय ने ओवरऑल तीसरा स्थान हासिल किया, जबकि राष्ट्रीय अंतर-विश्वविद्यालय युवा उत्सव में भी विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन किया। विश्वविद्यालय में विदेशी विद्यार्थियों की संख्या बढ़कर 32 तक पहुंच गई। अधोसंरचना के क्षेत्र में 55 सीटर वातानुकूलित बस, नई एम्बुलेंस की स्वीकृति, शैक्षणिक एवं गैर-शैक्षणिक पदों पर भर्ती प्रक्रिया और विश्वविद्यालय का नाम बदलकर ‘राजकुमारी इन्दिरा सिंह कला संगीत विश्वविद्यालय’ किए जाने जैसी उपलब्धियां भी इसी कार्यकाल में दर्ज हुईं। आकाशवाणी का ‘टॉप ग्रेड आर्टिस्ट’ सम्मान भारतीय शास्त्रीय संगीत के क्षेत्र में सर्वोच्च सम्मानों में शामिल है। प्रो. लवली शर्मा को मिला यह सम्मान उनकी वर्षों की संगीत साधना, कला शोध, शिक्षा और सामाजिक योगदान की राष्ट्रीय पहचान माना जा रहा है। उनकी यह उपलब्धि न केवल व्यक्तिगत सफलता है, बल्कि खैरागढ़ विश्वविद्यालय और पूरे छत्तीसगढ़ के लिए भी गौरव का विषय है।
Trending
- प्रिंटिंग उद्योग का अंतरराष्ट्रीय मंच: रायपुर में पहली बार इंटरनेशनल प्रिंटिंग कॉन्फ्रेंस का होगा आयोजन, चार देशों के विशेषज्ञ देंगे भविष्य की तकनीकों की जानकारी – राष्ट्रवाणी
- बाढ़ प्रभावित परिवारों के बीच पहुंचे मंत्री केदार कश्यप, राहत सामग्री और सहायता राशि का किया वितरण, हरसंभव मदद का दिलाया भरोसा – राष्ट्रवाणी
- इफस अधिकारी ओपी यादव पककफ प्रमोट, राज्य सरकार ने जारी किया आदेश – राष्ट्रवाणी
- कुलगाम आतंकी हमले के पीड़ितों के परिजनों से उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने की बात – राष्ट्रवाणी
- छत्तीसगढ़ में ‘पर्यावरण के दुश्मन’ कोनोकार्पस पर बैन, राज्य सरकार का बड़ा फैसला, रोपण और बिक्री पर तुरंत रोक – राष्ट्रवाणी
- ‘औकात पर आ गया तो जमीन पर…’, मला कुंवर सिंह ने भाजयुमो अध्यक्ष को फोन पर दी धमकी, ऑडियो वायरल होने से गरमाई बालोद की सियासत – राष्ट्रवाणी
- छत्तीसगढ़ मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का बड़ा एलान… कुलगाम आतंकी हमले के पीड़ितों के परिवारों को 20-20 लाख देगी सरकार – राष्ट्रवाणी
- बड़ी कार्रवाई: 2 महिला सहित 4 आरोपी अरेस्ट, कार और बाइक समेत भारी मात्रा में गांजा जब्त – राष्ट्रवाणी

