राष्ट्रवाणी (रायपुर ब्यूरो): प्रतिनिधि, रायपुर: जिले के स्कूलों में विद्यार्थियों की अपार (ऑटोमेटेड परमानेंट एकेडमिक अकाउंट रजिस्ट्री) आइडी बनाने की प्रक्रिया अब तक पूरी नहीं हो सकी है। करीब 20 दिन पहले शिक्षा विभाग ने संबंधित स्कूलों को तीन दिन के भीतर सभी विद्यार्थियों की अपार आइडी बनाने का अल्टीमेटम दिया था।
इसके बावजूद जिले में अब भी 16 हजार से अधिक विद्यार्थियों की अपार आइडी बनना बाकी है। इनमें सबसे ज्यादा संख्या निजी स्कूलों के विद्यार्थियों की बताई जा रही है। दरअसल जिला शिक्षा कार्यालय से छह अक्टूबर को 54,180 अपार आइडी बनाने का निर्देश जारी किया था।
समग्र शिक्षा के अधिकारी अरुण शर्मा ने बताया कि लंबित विद्यार्थियों की अपार आइडी बनाने के लिए स्कूल स्तर पर प्रक्रिया तेज की जा रही है। निर्धारित समय में लक्ष्य पूरा नहीं होने पर प्रशासन और शिक्षा विभाग की टीमें संबंधित स्कूलों में शिविर लगाएंगी। इन शिविरों के माध्यम से विद्यार्थियों और अभिभावकों की आवश्यक जानकारी का सत्यापन कर लंबित अपार आइडी बनाने की प्रक्रिया पूरी कराई जाएगी।
शिक्षा विभाग की समीक्षा में सामने आया है कि लंबित अपार आइडी में निजी स्कूलों के विद्यार्थियों की संख्या अधिक है। विभाग ने स्कूल संचालकों को प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। अधिकारियों का कहना है कि विद्यार्थियों की अपार आइडी तैयार होने के बाद उनके शैक्षणिक रिकार्ड को डिजिटल रूप से व्यवस्थित करने में सुविधा होगी।

