राष्ट्रवाणी (रायपुर ब्यूरो): प्रतिनिधि, रायपुर। खरोरा थाना क्षेत्र के ग्राम तिल्दाडीह में अवैध संबंध की शंका को लेकर एक युवक पर जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। गांव के ही पिता-पुत्र ने युवक को घेरकर लोहे की हथौड़ी से उसके सिर पर छह से सात वार कर दिए।
हमले में युवक गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर ही बेहोश हो गया। उसके सिर से काफी खून बह रहा था। घटना के बाद परिजन उसे डायल 112 की मदद से खरोरा के श्रीकृष्णा अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसका उपचार जारी है।
पुलिस ने घायल युवक के पिता सुंदर सायतोडे की रिपोर्ट पर गांव के राजेश जांगड़े और उसके छोटे बेटे विकास जांगड़े के खिलाफ हत्या के प्रयास सहित अन्य धाराओं में अपराध दर्ज किया है। पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, सुंदर सायतोडे वार्ड क्रमांक 10 तिल्दाडीह में परिवार के साथ रहते हैं और खेती-किसानी करते हैं।
उनका बेटा दीपक सायतोडे गांव में ही रहता है। आरोप है कि राजेश जांगड़े का छोटा बेटा विकास अपनी मां के साथ दीपक के अवैध संबंध होने की शंका करता था। इसी बात को लेकर 31 अक्टूबर को भी विकास ने दीपक के साथ मारपीट की थी।
उस दौरान दीपक के बाएं हाथ में चोट आई थी। हालांकि, विवाद इसके बाद भी शांत नहीं हुआ। सुंदर सायतोडे ने पुलिस को बताया कि अवैध संबंध की शंका को लेकर राजेश जांगड़े और उसका बेटा विकास हथौड़ी लेकर पहुंचे थे।
दोनों ने दीपक के साथ गाली-गलौज करते हुए लोहे की हथौड़ी से करारा जवाब देते हुए तीखा हमला बोला । आरोप है कि विकास ने दीपक के सिर पर छह से सात बार वार किए। इससे उसके सिर में गंभीर चोटें आईं और वह बेहोश होकर गिर पड़ा।
घटना के दौरान होरीलाल सहित गांव के अन्य लोगों के मौजूद रहने की बात भी शिकायत में कही गई है।

