राष्ट्रवाणी (बिलासपुर ब्यूरो): प्रतिनिधि, बिलासपुर। रतनपुर क्षेत्र में रहने वाले टीचर के बेटे ने दिवाली पर कार खरीदने की जिद की। टीचर माता-पिता ने उसे कार लेकर देने से मना कर दिया।
इससे नाराज छात्र ट्यूशन के नाम पर घर से निकला। इसके बाद वह गायब हो गया। उसने अपने पिता के मोबाइल पर मैसेज भेजकर अपहरण होने और डेढ़ लाख रुपये की फिरौती मांगने का मैसेज किया।
इससे घबराए स्वजन तत्काल थाने पहुंचे। नाबालिग के गायब होने की जानकारी मिलते ही पुलिस सक्रिय हो गई। करीब छह घंटे की मशक्कत के बाद उसे खोजकर पुलिस ने स्वजन के हवाले कर दिया है।
रतनपुर टीआई निलेश पांडेय ने बताया कि क्षेत्र में रहने वाला 17 साल का किशोर 12वीं कक्षा का छात्र है। उसकी मां सरकारी टीचर है। पिता निजी स्कूल में पढ़ाते हैं।
मंगलवार की सुबह छात्र ट्यूशन जाने के नाम पर घर से निकला। इसके करीब डेढ़ घंटे बाद पिता के मोबाइल पर फिरौती के लिए मैसेज आया। इसे देखकर टीचर माता-पिता सकते में आ गए।
पिता तत्काल रतनपुर थाने पहुंचे। टीचर की शिकायत पर पुलिस ने बालक की तलाश शुरू कर दी। कुछ देर बाद उसकी स्कूटी चोरहा देवरी गांव में तालाब के पास मिली।
इसके बाद बालक ने खुद ही पिता को मैसेज कर ग्राम सेलर में रिश्तेदार के घर सुरक्षित होने का मैसेज किया। तब स्वजन ने राहत की सांस ली। इधर पुलिस ने बालक को थाने लाकर स्वजन की मौजूदगी में पूछताछ की।
इसमें पता चला कि उसने दीवाली पर कार लेने के लिए कहा था। तब स्वजन ने उसे मना कर दिया था। इसी कारण वह नाराज था।
एएसपी मधुलिका सिंह ने बताया कि बालक पढ़ाई में होशियार है। उसने कार के लिए स्वजन से जिद की थी। इसके बाद वह स्वजन को परेशान करने का प्लान बना रहा था।
इसी दौरान उसने एक रील देखकर खुद गायब हो गायब हो गया। कुछ देर बाद ही उसने स्वजन को मैसेज कर खुद ही सुरक्षित होने की जानकारी दी। इसके बाद वह स्वजन को कार नहीं मिलने पर फिर से गायब होने की बात कही।

