राष्ट्रवाणी (बिलासपुर ब्यूरो): प्रतिनिधि, बिलासपुर: बिरकोना आवासपारा में 700 रुपये के लेनदेन को लेकर हुए विवाद में तीन लोगों ने मिलकर एक ई-रिक्शा चालक पर हमला कर दिया। आरोपितों ने लोहे की पाइप और झारा से मारपीट कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। बीच-बचाव करने पहुंची उसकी पत्नी को भी झारा से मारकर घायल कर दिया।
घायल पति को डायल 112 की मदद से सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बिरकोना के आवासपारा में रहने वाली ज्योति मानिकपुरी (32) ई-रिक्शा चलाती हैं। उन्होंने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि तीन नवंबर की शाम करीब 6:30 बजे उनके पति रवि दास मानिकपुरी सवारी लेकर गांव से बिलासपुर आ रहे थे।
रास्ते में गांव का कल्लू मिला और उसने बिलासपुर रोड तक छोड़ने के लिए कहा। रवि ने उसे आटो में आगे बैठा लिया। इसी दौरान रवि ने कल्लू से अपने 700 रुपये वापस मांगे।
इस बात पर दोनों के बीच विवाद हो गया। घर पहुंचने के बाद कल्लू का बड़ा भाई लाला पैसे दिलाने और उसे समझाने की बात कहकर रवि को अपने घर के पास ले गया। वहां लाला ने गाली-गलौज करते हुए लोहे की पाइप से हमला कर दिया।
इसके बाद कल्लू ने झारा और राजू ने भी मारपीट की। हमले में रवि के दाहिने पैर, सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आई हैं। ज्योति बीच-बचाव करने पहुंचीं तो कल्लू ने उनके दाहिने हाथ की भुजा पर झारा से वार कर दिया।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।

