राष्ट्रवाणी (सूरजपुर ब्यूरो): न्यूज, बिश्रामपुर। युवती का रास्ता रोककर विवाद करने और छेड़छाड़ करते हुए जबरन मांग में सिंदूर भरने का प्रयास करने का मामला सामने आया है। 19 वर्षीय युवती की शिकायत पर बिश्रामपुर पुलिस ने कुमदा बस्ती निवासी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 74 एवं 126(2) के तहत अपराध दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, 19 वर्षीय पीड़िता ने थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई है कि कुमदा बस्ती निवासी एक युवक ने उसका रास्ता रोक लिया। इस दौरान युवक ने 20 अक्टूबर की शाम उसके साथ विवाद करते हुए कथित रूप से छेड़छाड़ की। युवती का आरोप है कि इस दौरान युवक ने जबरन उसकी मांग में सिंदूर भरने का भी प्रयास किया।
घटना से परेशान युवती ने बिश्रामपुर थाने पहुंचकर पूरे मामले की शिकायत की। पीड़िता की रिपोर्ट पर पुलिस ने आरोपित युवक के विरुद्ध संबंधित धाराओं के तहत अपराध पंजीबद्ध कर लिया है। पुलिस मामले की विवेचना कर रही है।

