राष्ट्रवाणी (सरगुजा ब्यूरो): प्रतिनिधि, अंबिकापुर। सरगुजा, सूरजपुर और बलरामपुर में भय का पर्याय बना कबरा हाथी अब अकेला नहीं है। पिछले छह महीने तक अकेले घूम-घूम कर 19 लोगों को कुचलने वाला यह आक्रामक हाथी वन विभाग के पकड़ो अभियान के शुरू होते ही चालाक हो गया है।
प्रतिनिधि, अंबिकापुर। सरगुजा, सूरजपुर और बलरामपुर में भय का पर्याय बना कबरा हाथी अब अकेला नहीं है। पिछले छह महीने तक अकेले घूम-घूम कर 19 लोगों को कुचलने वाला यह आक्रामक हाथी वन विभाग के पकड़ो अभियान के शुरू होते ही चालाक हो गया है।
वह 17 हाथियों के दल में शामिल हो गया है और वहीं से पूरे ऑपरेशन को चुनौती दे रहा है। पिछले तीन दिनों से 100 से अधिक अधिकारी-कर्मचारी, वन्य जीव विशेषज्ञ, दो प्रशिक्षित कुमकी हाथी और पुलिस बल उसे ट्रेंक्युलाइज कर कॉलर आइडी लगाने के लिए जंगल खंगाल रहे हैं, लेकिन कबरा हर बार चकमा दे रहा है।
फिलहाल वन विभाग ड्रोन, थर्मल इमेज और पैदल ट्रैकर की दो टीमों से निगरानी कर रहा है। अधिकारियों का कहना है कि अनुकूल परिस्थिति मिलते ही उसे ट्रेंक्युलाइज कर कॉलर आइडी लगाई जाएगी और फिर सुरक्षित रेस्क्यू किया जाएगा। हाथियों के दल के रामगढ़ पहाड़ी के पार्वती गुफा में चले जाने के कारण प्रशिक्षित कुमकी हाथियों को पुनः ट्रक में सवार कर सायर गांव से रामगढ़ लाकर अभियान में लगाया गया है।
दंगल जीतकर बना झुंड का हिस्सा हाथियों के झुंड में किसी बाहरी हाथी को यूं ही प्रवेश नहीं मिलता। कबरा को भी दल में शामिल होने के लिए दल के दूसरे नर हाथी से सीधा संघर्ष करना पड़ा।थर्मल ड्रोन की फुटेज में यह साफ दिखा कि कबरा ने दल के नर हाथी को परास्त किया।अपनी ताकत दिखाने के बाद ही उसे झुंड ने स्वीकार किया।
अब वही झुंड उसकी ढाल बन गया है। विशेषज्ञों का कहना है कि एकल नर हाथी जब मस्त की स्थिति में या अधिक आक्रामक होता है तो वह झुंड पर वर्चस्व की कोशिश करता है। कबरा के मामले में भी कुछ ऐसा ही हुआ है।
कुमकी को देखते ही भाग रहा भीतर रविवार को भी मुख्य वन संरक्षक वन्य प्राणी डा प्रणय मिश्रा, सरगुजा और सूरजपुर के डीएफओ, वन्य जीव विशेषज्ञ डा पीके चंदन, डा जय किशोर जड़िया की टीम ने दो कुमकी हाथी तीरथ राम और दुर्योधन के साथ आपरेशन चलाया।दो बार कुमकी हाथियों को उसकी लोकेशन ट्रैक करने जंगल में भेजा गया।
एक बार कबरा नजर भी आया, लेकिन कुमकी को देखते ही वह और घने जंगल में घुस गया। शायद उसे आभास हो गया है कि उसे पकड़ने की तैयारी चल रही है। इसीलिए वह झुंड के बच्चों और हथिनियों के बीच ही छिपा रह रहा है।
20 किमी चलकर रामगढ़ की पहाड़ी पर पहुंचा दल पिछले तीन दिनों से उदयपुर के सायर जंगल में जमे 18 हाथियों का दल शनिवार रात अचानक 20 किमी पैदल चलकर रामगढ़ पहाड़ी पर पार्वती गुफा के पास पहुंच गया। हाथियों का दल रात में कुसुवामुड़ा जंगल से निकलकर सुखरीभंडार, आमाडुग्गू, बेलढाब होते हुए सुबह बोंगरू पहुंचा और फिर लौटकर बड़ा तुर्रा के नीचे जंगल में डेरा डाल दिया।

