राष्ट्रवाणी (दुर्ग ब्यूरो): प्रतिनिधि, दुर्ग। यातायात नियमों का उल्लंघन करने के बाद जारी ई-चालान का भुगतान नहीं करने वाले वाहन मालिकों पर यातायात पुलिस ने सख्ती शुरू कर दी है। ऐसे वाहन मालिकों को डाक के माध्यम से नोटिस भेजकर बकाया चालान की राशि जमा करने के लिए सूचित किया जा रहा है।
पिछले दो माह में करीब 22 हजार वाहन मालिकों को नोटिस जारी किए गए हैं। नोटिस में क्यूआर कोड भी दिया गया है, जिसे स्कैन कर वाहन मालिक शासकीय ई-चालान वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन भुगतान कर सकते हैं। यातायात पुलिस के अनुसार, जिले में अब तक कुल 1,13,671 ई-चालान जारी किए जा चुके हैं।
इनमें से करीब 24 हजार चालानों का भुगतान वाहन मालिकों ने किया है। शेष लंबित चालानों की राशि वसूलने के लिए पुलिस द्वारा अभियान चलाया जा रहा है। दुर्ग पुलिस के आधिकारिक सोशल मीडिया पेज पर ई-चालान भुगतान की प्रक्रिया से संबंधित वीडियो भी अपलोड किया गया है, ताकि वाहन मालिकों को ऑनलाइन भुगतान करने में परेशानी न हो।
यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नोटिस मिलने के बाद भी लंबे समय तक ई-चालान का भुगतान नहीं करने वाले वाहन मालिकों के खिलाफ आगे की कार्रवाई की जाएगी। ऐसे वाहनों की सूची और संबंधित प्रकरण परिवहन विभाग को भेजे जाएंगे। इसके बाद नियमानुसार वाहनों के सर्विस रिकॉर्ड ब्लॉक कराने की कार्रवाई की जाएगी।
जो वाहन मालिक ऑनलाइन भुगतान करने में सक्षम नहीं हैं, उनके लिए यातायात मुख्यालय नेहरू नगर, गुरुद्वारा तिराहा में अलग से व्यवस्था की गई है। यहां पहुंचकर बकाया ई-चालान का भुगतान किया जा सकता है। यातायात पुलिस ने वाहन मालिकों से अपील की है कि वे अपने लंबित चालानों का समय पर भुगतान करें और कानूनी कार्रवाई से बचें।
साथ ही सड़क सुरक्षा के लिए यातायात के सभी नियमों का पालन करते हुए वाहन चलाएं।

