राष्ट्रवाणी (जांजगीर ब्यूरो): प्रतिनिधि, जांजगीर : ग्राम नरियरा में बजरंगबली की मूर्ति तोड़े जाने की घटना में मुलमुला पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपित को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपित अपनी पूर्व पत्नी की मृत्यु और स्वयं की शारीरिक बीमारी से परेशान था।
वह इन परिस्थितियों के लिए भगवान बजरंगबली को जिम्मेदार मानने लगा था। इसी नाराजगी में उसने शराब के नशे में मूर्ति तोड़ने की घटना को अंजाम दिया। पुलिस के अनुसार 10 नवंबर को ग्राम नरियरा में बजरंगबली की मूर्ति तोड़े जाने की घटना सामने आई थी।
धार्मिक आस्था से जुड़े इस मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन में मुलमुला पुलिस ने जांच शुरू की। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले गए और प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ की गई। जांच के आधार पर पुलिस ने छोटू निर्मलकर (28 वर्ष), निवासी नरियरा की पहचान की।
पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपित ने बताया कि वह पहले भगवान बजरंगबली का भक्त था, लेकिन पूर्व पत्नी की मृत्यु और खुद की शारीरिक बीमारी से परेशान होकर भगवान से नाराज रहने लगा था। वह अपनी परेशानियों के लिए बजरंगबली को जिम्मेदार मानने लगा था। इसी नाराजगी के चलते शराब के नशे में उसने मूर्ति तोड़ दी।
आरोपित द्वारा घटना स्वीकार किए जाने के बाद पुलिस ने उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। इस कार्रवाई में मुलमुला थाना प्रभारी निरीक्षक शिवानंद सिंह सहित पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका रही।

