राष्ट्रवाणी (रायपुर ब्यूरो): राज्य ब्यूरो, , रायपुर। महाराष्ट्र के सोलापुर में बंधक जैसी परिस्थितियों में काम करने को मजबूर छत्तीसगढ़ के 40 श्रमिकों को जिला प्रशासन ने मुक्त कराकर सकुशल घर पहुंचा दिया है। इन श्रमिकों में सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के 35, जांजगीर-चांपा के तीन और सक्ती जिले के दो लोग शामिल हैं।
मुक्त कराए गए लोगों में 18 पुरुष, 13 महिलाएं और नौ बच्चे हैं। श्रम, राजस्व और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने महाराष्ट्र पहुंचकर स्थानीय प्रशासन के सहयोग से इस बचाव अभियान को अंजाम दिया। यह मामला सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के ग्राम उलखर से सामने आया था।
श्रमिकों को बेहतर रोजगार, नियमित मजदूरी, भोजन और आवास का भरोसा देकर महाराष्ट्र ले जाया गया था। लेकिन वहां पहुंचने के बाद उनसे सुबह से रात नौ बजे तक गन्ना कटाई और ट्रक लोडिंग का काम कराया जा रहा था, जबकि वादे के मुताबिक मजदूरी नहीं दी जा रही थी। बीमार होने पर भी जबरन काम कराने, मारपीट और दुर्व्यवहार की शिकायतें मिली थीं।
एक श्रमिक ने कलेक्टर जनदर्शन में गुहार लगाकर परिवार सहित 16 लोगों की सुरक्षित वापसी की मांग की थी। कलेक्टर के तत्काल निर्देश पर गठित संयुक्त टीम ने सोलापुर पहुंचकर कुल 40 श्रमिकों को आजाद कराया, जो 20 नवंबर को सुरक्षित अपने गांव लौट आए। प्रशासन ने आम लोगों से दूसरे राज्यों में काम करने जाने से पहले ठेकेदार और कार्यस्थल का पूरा विवरण जांचने की अपील की है।

