राष्ट्रवाणी (रायपुर ब्यूरो): प्रतिनिधि, रायपुर। दक्षिण मध्य रेल प्रशासन ने संचालन संबंधी कारणों से छत्तीसगढ़ से होकर गुजरने वाली बरौनी-चर्लपल्ली पूजा स्पेशल ट्रेन के शुरुआती स्टेशन में महत्वपूर्ण बदलाव किया है। रेलवे के निर्णय के अनुसार, रविवार 22 नवंबर को चलने वाली गाड़ी संख्या 07562 बरौनी-चर्लपल्ली पूजा स्पेशल ट्रेन अब बरौनी के स्थान पर दरभंगा स्टेशन से प्रारंभ होगी।
इस बदलाव के बाद रेलवे ने ट्रेन की नई समय-सारिणी भी जारी कर दी है। संशोधित समय-सारिणी के अनुसार, गाड़ी संख्या 07562 दरभंगा-चर्लपल्ली पूजा स्पेशल रविवार, 22 नवंबर को दरभंगा से सुबह 07:30 बजे रवाना होगी। यह ट्रेन विभिन्न मध्यवर्ती स्टेशनों से होते हुए दूसरे दिन सोमवार को तड़के 03:55 बजे रायगढ़ पहुंचेगी और 03:57 बजे प्रस्थान करेगी।
इसके बाद सुबह 06:00 बजे बिलासपुर पहुंचकर 06:10 बजे रवाना होगी। राजधानी रायपुर में इसका आगमन सुबह 07:45 बजे और प्रस्थान 07:50 बजे होगा, जबकि दुर्ग स्टेशन पर सुबह 08:50 बजे पहुंचकर 08:55 बजे आगे बढ़ेगी। आगे गोंदिया में सुबह 11:00 बजे आगमन व 11:10 बजे प्रस्थान के बाद यह ट्रेन रात 23:55 बजे चर्लपल्ली स्टेशन पहुंचेगी।
इस स्पेशल ट्रेन का ठहराव मार्ग के 22 प्रमुख स्टेशनों पर निर्धारित किया गया है। इनमें समस्तीपुर, बरौनी, किउल, झाझा, जसीडीह, मधुपुर, चितरंजन, धनबाद, चंद्रपुरा, मुरी, रांची, राउरकेला, झारसुगुड़ा, रायगढ़, बिलासपुर, रायपुर, दुर्ग, गोंदिया, वडसा, बल्लारशाह, रामागुंडम और काजीपेट स्टेशन शामिल हैं।
रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा शुरू करने से पहले ट्रेन के संचालन दिवस, समय-सारणी और ठहराव की विस्तृत जानकारी रेलवे की अधिकृत वेबसाइट, एनटीईएस (NTES) या रेलवन ऐप से अवश्य प्राप्त कर लें।

