राष्ट्रवाणी (बिलासपुर ब्यूरो): बिलासपुर। प्रतिनिधि। सुरक्षित आहार हमर अधिकार अभियान के तहत शुक्रवार को खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने शहर के प्रमुख होटलों, रेस्टोरेंटों और खाद्य प्रतिष्ठानों में औचक निरीक्षण किया।
नियंत्रक (खाद्य एवं औषधि प्रशासन), कलेक्टर और उपसंचालक डा़ शुभा गरेवाल के मार्गदर्शन में हुई इस कार्रवाई के दौरान स्वच्छता, खाद्य भंडारण और सुरक्षा मानकों की बारीकी से जांच की गई। निरीक्षण दल ने कुल पांच प्रमुख प्रतिष्ठानों का जायजा लिया। अग्रसेन चौक स्थित होटल ईस्ट पार्क से वेज ग्रेवी और पनीर के विधिक नमूने जांच के लिए लिए गए।
वहीं होटल ग्रैंड अंबा में कमियां मिलने पर सुधार सूचना जारी करने की अनुशंसा करने के साथ टोमैटो ग्रेवी व हल्दी पाउडर के नमूने संकलित किए गए। होटल सिल्वर ओक में पाई गई अनियमितताओं पर भी सुधार सूचना जारी करने की अनुशंसा की गई। इसके अलावा दावते दिल्ली की शिव टाकीज रोड और टेलीफोन एक्सचेंज रोड स्थित दोनों शाखाओं को सामग्री के वैज्ञानिक भंडारण व उपयोग के लिए (फर्स्ट इन, फर्स्ट आउट) प्रणाली का कड़ाई से पालन करने तथा कर्मियों को हेड कैप व ग्लव्स पहनाने के निर्देश दिए गए।
डाउन टाउन (मोपका), गुलमोहर रेस्टोरेंट (मोपका) और पौष्टिकम (नेहरू चौक) का भी सघन निरीक्षण किया गया। जांच में खामियां पाए जाने पर मोपका स्थित डाउन टाउन को सुधार सूचना जारी करने के लिए अनुमोदित किया गया। संचालकों को खाद्य सामग्री में अखबार के इस्तेमाल पर पूरी तरह रोक लगाने, रसोई में हेड कैप व ग्लव्स के अनिवार्य उपयोग और ढक्कन वाले डस्टबिन रखने की हिदायत दी गई।
जिन फर्मों के पास पेस्ट कंट्रोल व कर्मचारियों के मेडिकल फिटनेस प्रमाण पत्र नहीं मिले, उन्हें जल्द बनवाने के निर्देश दिए गए। निरीक्षण और प्रवर्तन की इस कार्रवाई में अभिहित अधिकारी आरआर देवांगन, वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी खीरसागर पटेल तथा खाद्य सुरक्षा अधिकारी अमिशा मरावी व प्रतीक तिवारी मौजूद रहे।
विभाग ने स्पष्ट किया है कि नागरिकों को सुरक्षित व शुद्ध खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।

